हरियाणा में 21 दिसंबर को एंट्री करने वाली भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस एक दिखाई देगी। राज्य के दिग्गज कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के सामने एकजुटता दिखाएंगे। वैसे हरियाणा कांग्रेस में पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित 4 गुट हैं।
इनमें पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और कांग्रेस विधायक किरण चौधरी शामिल है। इन नेताओं की आपसी खींचतान के कारण कांग्रेस पिछले 8 सालों में अपना संगठन तक खड़ा नहीं कर पाई है।
कड़ाके की ठंड में बोलेंगे राहुल
21 दिसंबर को हरियाणा में एंट्री के वक्त ही प्रदेश कांग्रेस ने राजस्थान बॉर्डर पर ही 30 मिनट की पब्लिक मीटिंग रखी है। सुबह 6 बजे के वक्त 10 डिग्री तापमान से भी कम में राहुल गांधी लोगों को संबोधित करेंगे। इस सभा में राहुल गांधी के बोलने के लिए 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। अन्य कांग्रेसी नेताओं को अपने संबोधन के लिए सिर्फ 4 मिनट ही मिलेंगे।
पहले चरण में 6 लोकसभा सीटों पर फोकस
भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण में हरियाणा कांग्रेस राज्य की 6 लोकसभा सीटों पर फोकस करेगी। इनमें फरीदाबाद, गुड़गांव, सोनीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र और अंबाला की लोकसभा सीटें शामिल हैं, इनके अंतर्गत राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 54 विधानसभाएं भी हरियाणा कांग्रेस कवर करेगी।
हरियाणा में 105 वें दिन में यात्रा करेगी प्रवेश
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में प्रवेश करते ही 105 दिन पूरे हो जाएंगे। यात्रा सुबह 6 बजे राजस्थान से नूंह जिले में प्रवेश करेगी। 10 सुबह फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी में यात्रा के लिए नाश्ते का प्रबंध किया गया है। शाम 4 बजे नासिर बस यात्रा पहुंचेगी। शाम 5 बजे यात्रा भडास नगीना में ब्रेक लेगी फिर अकेड़ा में रात्रि विश्राम होगा।
22 को राहुल जाएंगे गांधी ग्राम
दूसरे दिन 22 दिसंबर को यात्रा मलाब गांव से सुबह 6 बजे शुरू होगी। 10 बजे फिरोजपुर नमक में नाश्ता होगा। 4 बजे मेवात के गांधी ग्राम घासेड़ा में राहुल पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम वल्लभगढ़ के नजदीक लखवास सोहना गांव में होगा। 23 दिसंबर को हरचंद पुर से यात्रा शुरू होगी। पाखल गांव में सुबह 10 बजे ब्रेकफास्ट और 5 बजे शाम का ब्रेक होगा। फरीदाबाद में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।
दिन रात चल रही तैयारियां
हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की पब्लिक मीटिंग के लिए भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसके लिए रात दिन काम चल रहा है। पहली पब्लिक मीटिंग राजस्थान एंट्री के दौरान होगी। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सुबह कड़ाके की ठंड को देखते हुए तंबू वाटर प्रूफ बनाया जा रहा है। दूसरे राज्यों से प्रशिक्षित कारीगर बुलाए गए हैं।

