पलवल/ अतुल्य लोकतंत्र ब्यूरो : हरियाणा में विवाह के उपरांत युगल जोडे को अपन मैरीज रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। विवाह के रजिस्ट्रेशन के बिना सरकारी सुविधाएं प्रदान नहीं की जाएगी। सहकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डा. बनवारी लाल शुक्रवार को जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने जिला समाज कल्याण तथा जिला कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके विभाग से संबधित अधिक शिकायते प्राप्त हो रही हैं। इसलिए इन विभागों के अधिकारी समय पर आमजन को सेवा-सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित करें। सरकार का लक्ष्य है कि प्राथमिकता के आधार पर आमजन मानस को सेवा-सुविधाएं प्रदान की जाएं। मासिक बैठक के एजेंडा में कुल 14 परिवाद शामिल किए गए, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। उन्होंने शेष शिकायतों के निपटान के लिए संंबंधित अधिकारी को जांच कर आगामी बैठक से पूर्व कार्यवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने पब्लिक हैल्थ के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे गांवों में पेयजल की पाइपलाइनों में पानी की सप्लाई देना सुनिश्चित करें। इसके अलावा जहां-जहां पाइप लाइन बिछाई गईं हैं, वहां पर रास्तों को पुन: ठीक करवाया जाए। सहकारिता मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पुन: रिव्यू कर लाइन पार के इलाके के बिजली उपभोक्तओं की सुविधा अनुसार बिजली के बिलो को भरने की व्यवस्था करने की दिशा में अति शीघ्र कार्य किया जाए।
गांव रनियाला खुर्द निवासी रसीदन की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने अवगत करवाया कि आरोपियों की तपदीश करके उनके डीएनए सैंपल लिए गए हैं। इस पर सहकारिता मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों को पकडने की कार्यवाही अमल में लाई जाए। इस्लामाबाद निवासी तेज सिंह की श्रम विभाग से संबंधित शिकायत पर मंत्री डा. बनवारी लाल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को एनएचएआई के अधिकारियों से एश्योरेंश लेकर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए।
गांव सहदेव का नगला निवासी अंजली की पलिस विभाग से संबधित शिकायत पर मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एसआईटी में पुलिस के साथ-साथ एक ग्रीवेंस मेंबर को भी शामिल करके आगे की कार्यवाही अमल में लाए। इसके अलावा तसदीक के दौरान शिकायतकर्ता को भी मौके पर बुलाया जाए। बामनीखेडा के रहने वाले बिहारी लाल की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नमूने एफएसएल में भेजे हुए हैं। इस पर सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने पुलिस अधिकारियों को रिपोर्ट आने के उपरांत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ढकलपुर के रहने वाले यासीन खान की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर अधिकारियों ने मंत्री को अवगत करवाया कि जांच प्रक्रिया चल रही है।
जांच पूर्ण होने उपरांत नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। होडल निवासी रेखा की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट का निर्णय हर हाल में मान्य होगा। इसके अलावा गांव पाउ नगला निवासी ओमबीर की श्रम विभाग से संबंधित शिकायत का मामला भी माननीय कोर्ट के अधीन है। कोर्ट का निर्णय सभी को मान्य होगा। गांव मीठाका निवासी शाकिर की समाज कल्याण विभाग संबंधी शिकायत पर सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने एलडीएम को गांव मीठाका ग्राम पंचायत कोट में कर्मी की ड्यूटी लगाकर पैंशन धारकों के खाते अपडेट करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव अहरवां में जाकर लाभार्थियों को पैंशन बांटने के लिए बी.सी. नियुक्त किया जाए।
अल्लीका ग्राम पंचायत की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मंत्री डा. बनवारी लाल को आश्वस्त किया कि सडक़ संबंधी कार्य पूर्ण करवा दिया जाएगा। गांव अमरौली निवासी अभिषेक की तहसीलदार पलवल से संबंधित शिकायत पर अधिकारियों ने अवगत करवाया कि पैमाइश करवा दी गई है। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर सहकारिता मंत्री ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि वे प्रार्थी को कब्जा दिलवाएं। गांव नांगल ब्राह्मïण निवासी दीपक शर्मा की महिला एवं बाल विकास विभाग संबंधी शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस शिकायत का समाधान करवा दिया गया है और शिकायतकर्ता अब संतुष्टï है। गांव रहीमपुर निवासी रघुवीर की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बडौली संबंधी शिकायत पर सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन इस मामले को रद्द करके पात्र लाभार्थियों को तुरंत प्रभाव से प्लाटों पर कब्जा दिलवाने की दिशा में कार्यवाही की जाए।
उपायुक्त नेहा सिंह ने सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल सहित विशिष्ठï अतिथियों का बैठक में स्वागत व्यक्त किया। उन्होंने सहकारिता मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को अमल में लाकर उनके अनुरूप कार्य किया जाएगा।
बैठक में होडल के विधायक जगदीश नायर, हथीन के विधायक प्रवीण डागर, भाजपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक रामरतन, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, एडीसी रेणु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, एसडीएम रणवीर सिंह, एसडीएम शशि वसुंधरा, नगराधीश द्विजा सहित प्रशासनिक एवं जिला अधिकारी और परिवाद समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।


