पलवल। पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी 26 व 27 जुलाई को होने वाली सीईटी परीक्षा को लेकर एसपी पलवल वरुण सिंगला के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिला पुलिस पूरी तरह से सुरक्षा की दृष्टि से अलर्ट है तथा जिला पुलिस की तरफ से सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा के लिए जिले में 27 लोकेशन पर कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीईटी परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से करवाना पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी। परीक्षा के मध्य नजर जिला में पर्याप्त नाके स्थापित किए गए हैं। जिला पुलिस के करीब 850 जवान तथा अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जा रही इस परीक्षा के संबंध में पुलिस अधीक्षक श्री वरुण सिंगला ने सभी पुलिस अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों तथा अन्य पुलिस कर्मियों को सीईटी परीक्षा को लेकर आज पुलिस लाइन में समीक्षा कर कड़ी सावधानी व सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी दिए गए समय से पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी करें और ईमानदारी व संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
इस संबंध में यातायात थाना प्रभारी को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारू तथा सुदृढ़ रखें ताकि आने जाने वाले परीक्षार्थियों तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों तथा नाकों पर तैनात पुलिस के जवान पूरी सावधानी बरते तथा वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन व व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखे तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखें। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए है कि आगामी 26 व 27 जुलाई को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर रखते हुए शहर के सभी होटल पीजी साइबर कैफे तथा फोटो स्टेट सेंटरों पर संघन चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी निगरानी रखें। परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में धारा 163 बीएनएसएस लागू रहेगी। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए की अपने-अपने केंद्र के आसपास 500 मीटर तक किसी भी वाहन को पार्क ना होने दें, व निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहनों को पार्किंग करवाएं। पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से कहा कि परीक्षा के दिन कोई भी पुलिसकर्मी बिना वर्दी के व बिना परिचय पत्र के ड्यूटी न करे। किसी भी प्रकार की तकनीकी या विधि व्यवस्था संबंधी समस्या आने पर तुरंत कंट्रोल रूम या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक पलवल ने आगामी कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET-2025) को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न करवाने के लिए जिलावासियों,अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से सहयोग की अपील की है। वहीं कडे शब्दों में कहा कि परीक्षा में किसी ने विघ्न डालने की चेष्टा भी की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पलवल पुलिस CET-2025 को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रतिबद्ध भी है।


