हरियाणा में कल 16 जिलों में बारिश होगी। मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पंचकूला, करनाल, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं।
अंबाला में टांगरी नदी ओवरफ्लो होने से गृहमंत्री अनिल विज चिंतित हैं। उन्होंने CM मनोहर लाल को पत्र लिखकर टांगरी नदी के दूसरे किनारे पर पक्का तटबंध बनाने की मांग की है। गृह मंत्री ने कहा कि टांगरी नदी के दोनों साइड के तटबंध को स्टोन पिचिंग करके मजबूत बनाया जाए। उन्होंने महेश नगर ड्रेन को भी नगर परिषद क्षेत्र में कॉन्क्रीट से पक्का बनाने का आग्रह किया।
करनाल में यमुना के उफान पर होने के कारण एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शेरगढ़ टापू से यूपी जाने वाले रास्ते पर करीब 3 से 4 फीट तक पानी आ गया है। लोग तैरकर आवाजाही कर रहे हैं। वहीं दूसरी और घरौंडा के कुड़ाकलां गांव में यमुना के बांध पर कटाव शुरू हो चुका है। यमुनानगर के हथिनी कुंड बैराज से शनिवार को दोबारा 2 लाख 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया था। जिससे प्रशासन द्वारा 14 गांवों में अलर्ट जारी किया गया था।
रविवार को करनाल पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बाढ़ व बरसात के कारण जान गंवाने वाले 35 लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी। मुख्यमंत्री द्वारा मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को चार लाख रुपए का चेक दिया गया है। करनाल जिले के छह मृतकों के परिजनों को CM ने 24 लाख की सहायता राशि प्रदान की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन लोगों की फसलें खराब हुई हैं उसकी किसान पोर्टल पर अपनी रिपोर्ट भेज रहे हैं। इसके बाद फसलों के नुकसान की समीक्षा की जाएगी और किसानों को भी मुआवजा दिया जाएगा।
रविवार को पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बाढ़ ग्रस्त इलाकों को दौरा किया। उन्होंने कहा कि सरकार आने के बाद बाढ़ से बचाने के लिए इंतजाम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हवाई सर्वेक्षण पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार हवाई है और फ्लड कंट्रोल के लिए धरती पर कोई फैसला नहीं किया।

