पलवल / अतुल्य लोकतंत्र : वार्ड नंबर-30 के लोगों को पीने का पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिए पब्लिक हैल्थ डिपार्टमेंट की ओर से सबमर्सिबल पंप लगाया गया। विधायक दीपक मंगला ने रविवार को इस सबमर्सिबल पंप का उद्घाटन किया। विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यहां के लोगों की यह पुरानी मांग थी, जिसे आज पूरा कर दिया गया है। इस अवसर पर उनके साथ नगर परिषद पलवल के चेयरमैन यशपाल, वाइस चेयरमैन मनोज बंधू, स्थानीय पार्षद सुनीता मौजूद रहे।
विधायक दीपक मंगला ने कहा कि इस सबमर्सिबल पंप को लगाने में करीब डेढ़ लाख रुपए की लागत आई। इस सबमर्सिबल पंप से पानी की मैन पाइपलाइन को जोडक़र आस-पड़ोस की काफी गलियों में पानी की सुचारू सप्लाई की व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आमजन की सरकार है।
उन्होंने कहा कि जनता के कल्यार्ण के लिए यह सरकार हमेशा तत्पर है। विकास से संबंधित कोई भी कार्य नहीं रूकेगा, सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। विकास कार्यों को पूरा करवाने में धन की किसी भी प्रकार से कमी आडे नहीं आने दी जाएगी।
इस दौरान स्थानीय निवासियों ने विधायक दीपक मंगला के समक्ष कॉलोनी की कुछ गलियों के पुनर्निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर विधायक दीपक मंगला ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही नगर परिषद की ओर से गलियों का पुननिर्माण करवा दिया जाएगा। वार्ड के निवासियों ने विधायक दीपक मंगला को फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर मुकेश सिंगला, रणवीर मनोज, हरेंद्र तेवतिया, पार्षद प्रतिनिधि मोहनलाल, पार्षद हरकिशन तेवतिया, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला, मेघ श्याम शर्मा, पब्लिक हेल्थ के सहायक अभियंता वेद प्रकाश, कनिष्ठ अभियंता राहुल तथा वार्ड के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


