Palwal / स्वास्थ्य विभाग की प्रवक्ता डा सुषमा चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय सिविल सर्जन पलवल में सिविल सर्जन की अध्यक्षता में एक सेमिनार का आयोजन किया गया | जिसमें माननीय सिविल सर्जन डॉ. जय भगवान जाटान ने मधुमेह के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मधुमेह यानि शुगर से घबराने की जरूरत नहीं है और अपनी सेहत के प्रति सभी को जागरूक रहने व अपनी दिनचर्या में योग, सुबह की सैर के साथ पोष्टिक आहार लेने अति आवशयक है।
उन्होंने यह भी बताया कि जब आपके शरीर में पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बन पाता है, और ब्लड में मौजूद ग्लूकोस या शुगर का लेवल बढ़ जाता है, तो दिल की बीमारी जैसे;- छाती में दर्द, कोलेस्ट्रॉल बढ़ना और किडनी की समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है ।
उन्होंने साथ-साथ वहां पर मौजूद लोगों को शरीर में शुगर के लक्षणों से भी अवगत कराया, की जैसे बार-बार पेशाब आना, ज्यादा भूख लगना, बहुत प्यास लगना, वजन कम होना, नजर कमजोर हो जाना, थकान जल्दी महसूस होना, चोट लगने पर जख्म जल्दी ठीक ना होना, इन्फेक्शन होना, हाथ या पैरों में झनझनाहट, शुष्क त्वचा, सांस फूलना व हाथों पैरों में सूजन होना |उन्होंने बताया कि अगर किसी के परिवार में यह लक्षण होने के संकेत दिखाई देते है तो उस व्यक्ति को डायबिटीज होने का खतरा ज्यादा होता है | सभी को बताया कि मधुमेह एक दिनचर्या से संबंधित बीमारी है, अगर व्यक्ति अपनी दिनचर्या में कम से कम आधा घंटा योग व् सुबह की सैर शामिल करता है तो मधुमेह पर काबू पाया जा सकता है, उन्होंने कहा कम कैलोरी का आहार ले और अधिक फाइबर वाले फल और सब्जियों का सेवन करें ।
सिविल सर्जन डॉ. जय भगवान जाटान ने सभी को जागरुक करते हुए कहा कि हमेशा संतुलित आहार लें, मीठे खाद्य पदार्थों से बचें, तनाव से बचें पर्याप्त नींद ले |उन्होंने अंत में बताया कि अगर थोड़ी सी सावधानी बरती जाए तो मधुमेह पर विजय पाई जा सकती है |


