Chandigarh/Atulya Loktantra: अनलॉक-3 में डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शर्मा ने केंद्र सरकार के हिदायतों के अनुसार रियायतें दी हैं। जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट अब सुबह 9 से रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। होटल के स्टाफ को मास्क व सामाजिक दूरी के साथ-साथ जो अन्य हिदायतें हैं उनकी पालना करनी होगी। 31 अगस्त तक स्कूल-काॅलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
नई हिदायतों के अनुसार 5 अगस्त से योग संस्थान व व्यायामशालाओं को खोले जाने की अनुमति दी गई है। जिसके तहत स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की हिदायतों की पालना करनी होगी। डीएम ने बताया कि केंद्र सरकार एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन जो हिदायतें समय-समय पर जारी कर रहा है। उसकी अनुपालना शत प्रतिशत होनी चाहिए।
इन पर रहेगा प्रतिबंध
पहले की तरह सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, बार पर प्रतिबंध जारी रहेगा। सामाजिक, राजनीतिक गतिविधियां, खेल, धार्मिक कार्य और अन्य बड़ी मंडलियों से संबंधित कार्यक्रमों पर प्रतिबंध रहेगा। 65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, गर्भवती महिला व 10 साल से कम उम्र के बच्चे आवश्यक और स्वास्थ्य उद्देश्यों को छोड़कर घर पर ही रहेंगे। धार्मिक स्थलों के अंदर प्रसाद, लंगर, पवित्र जल का छिड़काव नहीं होगा।