महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) और NCP सरकार का कार्यकाल 8 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। ऐसे में अक्टूबर 2024 में चुनाव होने की संभावना है। उससे तीन महीने पहले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और NCP प्रमुख अजित पवार ने शुक्रवार को राज्य का अंतरिम बजट पेश किया है।
इस बजट में राज्य सरकार ने महिलाओं, छात्राओं, परिवारों और किसानों के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया गया है। इसमें किसानों के बिजली बिल बकाया माफ करने से लेकर उन्हें खेती के लिए 5000 रुपए बोनस देने और महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए ट्रांसफर करने की योजना शामिल हैं।
इसके अलावा सरकार ने घोषणा की है कि मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में पेट्रोल की कीमतों में 65 पैसे की कमी की जाएगी। मुंबई क्षेत्र के लिए डीजल पर कर 24% से घटाकर 21% किया जा रहा है, जिससे डीजल की कीमत में प्रति लीटर 2 रुपए की कमी आएगी।
किसानों, महिलाओं और छात्राओं और परिवारों के लिए योजनाएं विस्तार से पढ़ें…
किसानों के लिए योजनाएं…
राज्य के सभी किसानों को कपास और सोयाबीन की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 5000 रुपए का बोनस दिया जाएगा।
दुग्ध किसानों को 1 जुलाई 2024 के बाद भी पांच रुपए प्रति लीटर बोनस दिया जाएगा।
जानवरों के हमले में मारे गए किसानों के परिजन को 20 लाख रुपए की जगह 25 लाख रुपए की मदद की जाएगी।
राज्य के 44 लाख किसानों को बिजली का बिजली का बकाया बिल माफ किया जाएगा।
प्राकृतिक आपदा के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए जुलाई, 2022 से 15 हजार 245 करोड़ 76 लाख रुपए की मदद।
नवंबर-दिसंबर, 2023 में बेमौसम बारिश से प्रभावित 24 लाख 47 हजार किसानों को 2 हजार 253 करोड़ रुपए की मदद।
महिलाओं-परिवारों के लिए योजनाएं…
CM अन्न छत्र योजना के तहत सभी परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। 52 लाख 16 हजार 412 परिवार इस योजना के लाभार्थी होंगे।
मुख्यमंत्री माझी लाड़की बहन योजना का ऐलान। इसके तहत 21 से 60 साल की सभी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। यह स्कीम जुलाई 2024 से लागू होगी। इसके लिए हर साल लगभग 46 हजार करोड़ रुपए का फंड आवंटित किया जाएगा।
17 शहरों में 10 हजार महिलाओं को पिंक ई-रिक्शा खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए 80 करोड़ रुपए का फंड आवंटित किया गया है।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से इंजीनियरिंग, वास्तुकला, फार्मेसी, चिकित्सा और कृषि सहित सभी व्यावसायिक डिग्री-डिप्लोमा कोर्सेस के लिए अन्य पिछड़े वर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की लड़कियों को शिक्षा शुल्क और परीक्षा शुल्क में 100% सब्सिडी मिलेगी। यह योजना उन लड़कियों के लिए हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपए तक है।
‘आई योजना’ के तहत पर्यटन क्षेत्र की महिला लघु उद्यमियों को 15 लाख रुपए तक का ऋण ब्याज चुकाने की सुविधा दी जाएगी। इससे 10 हजार नौकरियां पैदा होंगी।
वारकरी समुदाय के लिए…
पंढरपुर की वारी को विश्व धरोहर नामांकित करने के लिए यूनेस्को को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
पंढरपुर की वारी में जाने वाले मुख्य पालकी की प्रत्येक डिंडी को 20 हजार रुपए। ‘निर्मल वारी’ के लिए 36 करोड़ 71 लाख रुपए का फंड।
मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष के माध्यम से देहू-आलंदी से पंढरपुर तक दोनों मुख्य पालकी मार्गों पर सभी वारकरियों की स्वास्थ्य जांच होगी और मुफ्त दवाइयां दी जाएंगीं।
कौन हैं वरकरी समुदाय के लोग?
वरकरी समुदाय महाराष्ट्र का एक प्रमुख धार्मिक समुदाय है जो विशेष रूप से भगवान विट्ठल (विठोबा) के भक्त हैं। यह समुदाय मुख्य रूप से वार्षिक पंढरपुर यात्रा के लिए जाना जाता है, जिसे “वारी” कहा जाता है। पंढरपुर यात्रा में वरकरी भक्त पैदल चलते हुए पंढरपुर मंदिर तक पहुंचते हैं, जो भगवान विट्ठल का प्रमुख मंदिर है।

