NHAI ने आंध्र प्रदेश में बेंगलुरु-कडप्पा-विजयवाड़ा इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-544G) पर दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। राजपथ इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड ने 24 घंटे में 28.95 (14.5 किमी डबललेन) किलोमीटर सड़क बिछाई। इसी के साथ 10,675 मीट्रिक टन बिटुमिनस कंक्रीट (डामर) डाला।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सोशल मीडिया X पर इसको लेकर पोस्ट किया। सीएम ने इसे भारत और आंध्र के लिए गर्व का पल बताया।
यह प्रोजेक्ट भारतमाला फेज-2 के तहत शुरू हुआ था। इसमें ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड दोनों तरह की सड़कें बन रही हैं। इससे इस रूट पर सफर करने वालों को भीड़भाड़ वाले शहरों और पुराने हाईवे पर नहीं जाना होगा।
एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 624 किलोमीटर है। इसमें ग्रीनफील्ड हिस्सा कोडिकोंडा से अडंकी/मुप्पावरम तक करीब 342 किमी का है। ब्राउनफील्ड में बेंगलुरु-कोडिकोंडा (73 किमी, एनएच-44 पर) और अडंकी-विजयवाड़ा (113 किमी, एनएच-16 पर) शामिल हैं। इसकी लागत 19,320 करोड़ रुपए है।
यह सड़क गुंटूर, प्रकाशम, कुर्नूल और कडप्पा जिलों से गुजरेगी। इससे अमरावती से बेंगलुरु की यात्रा 11-12 घंटे से घटकर 6 घंटे हो जाएगी। पैसेंजर और माल ढुलाई तेज होगी।
भारतमाला परियोजना में ग्रीनफील्ड का मतलब है बिल्कुल नई जगह पर नई सड़क या इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना। इसमें पहले से कोई सड़क या ढांचा नहीं होता। खाली जमीन पर नया हाईवे बनाया जाता है।
वहीं ब्राउनफील्ड का मतलब है पहले से बनी सड़कों या इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाना। इसमें पुरानी सड़क को चौड़ा करना या अपग्रेड करना शामिल है, जैसे 4 लेन सड़क को 6 लेन में बदलना।
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय फास्टैग को मल्टीपर्पस बनाने की तैयारी में है। इसके तहत अब पार्किंग से लेकर पेट्रोल तक का पेमेंट फास्टैग से कर सकेंगे। इसके लिए छह महीने से जारी ट्रायल सफल रहा है। इसका उद्देश्य है कि फास्टैग का उपयोग सिर्फ टोल भुगतान तक सीमित न रहे, बल्कि यात्रा के दौरान सड़क से इतर मिलने वाली सुविधाओं के भुगतान में भी हो।


