सरकार ने इस बार के अंतरिम बजट में महिलाओं के लिए उम्मीद से कम घोषणाएं की हैं। महिला वित्त मंत्री से देश की 68 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को काफी उम्मीदें थीं।
अंतरिम बजट 2024-25 में देश में 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, यू-विन प्लेटफॉर्म के जरिए टीकाकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें सर्वाइकल कैंसर रोकने के लिए 9-14 साल की लड़कियों को फ्री टीका लगाया जाएगा।
बजट के दौरान निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘देश में 9 करोड़ महिलाओं से जुड़े 83 लाख स्वयं सहायता समूहों हैं। इन समूहों की मदद से एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बन चुकी हैं।’
उन्होंने कहा, ‘पिछले 10 साल में 30 करोड़ मुद्रा योजना लोन महिला उद्यमियों को दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 70% आवास महिलाओं को मिले हैं।
लखपति दीदी स्कीम से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं
अंतरिम बजट-2024 में ‘लखपति दीदी’ स्कीम के तहत 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ये टारगेट पहले 2 करोड़ था। वहीं इस स्कीम के तहत अब तक एक करोड़ महिलाएं लखपति बन चुकी हैं।
ये स्कीम 15 अगस्त 2023 को लागू की गई थी।इस योजना में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर बनाया जाता है।
महिलाओं को आंत्रप्रेन्योरशिप इंडस्ट्री, एजुकेशन या दूसरी जरूरतों के लिए स्मॉल लोन भी दिए जाते हैं। स्कीम का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन या आंगनबाड़ी केंद्र से ऑफलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
लखपति दीदी स्कीम के लिए जरूरी नियम
स्कीम का लाभ लेने के लिए महिला को संबंधित राज्य का स्थायी निवासी होना जरूरी है। महिला का स्वयं सहायता समूहों से जुड़ा होना अनिवार्य है। स्कीम से जुड़ने के लिए जरूरी डॉक्युमेंट्स- आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो।

