नेपाल में बारिश से बिहार के किशनगंज जिले की नदियां उफान पर हैं। कनकई, बूढ़ी कनकई और मेची नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी के किनारे बसे निचले इलाकों में घुस गया है। इससे मक्का और सब्जी की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है।
मानसून नॉर्थ ईस्ट राज्यों में पहुंच चुका है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम में भारी बारिश हो रही है। असम में पिछले 24 घंटों में कामरूप जिले में लैंडस्लाइड के चलते 5 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ से 10 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
अरुणाचल में अचानक आई बाढ़-लैंडस्लाइड से 9 लोगों की मौत हुई है। पूर्वी कामेंग जिले में NH-13 के बाना-सेप्पा सेक्शन पर शुक्रवार देर रात लैंडस्लाइड हुई। इसमें दो परिवारों के 7 लोगों की मौत हो गई। उनका वाहन खाई में गिरा।
मिजोरम के लॉन्ग्टलाई शहर में लैंडस्लाइड के कारण 5 घर और एक होटल ढह गया। सिक्किम में भारी बारिश के कारण थेंग और चुंगथांग इलाकों में भूस्खलन से कई घर मलबे में दब गए। हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट है। लोगों को एडवाइजरी जारी की गई है।
मई में बारिश का नया रिकॉर्ड
मई में मानसून की दस्तक ने बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया है। देश में 30 मई तक 116.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है जो मई में सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 1990 का था, तब 110.7 मिमी बारिश हुई थी। सामान्य रूप से मई में औसतन 61.4 मिमी बारिश होती है।
मौसम केंद्र जयपुर ने 31 मई को 7 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 1 जून को भी 17 जिलों बारिश का अलर्ट है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 2 जून को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसके असर से दो दिन राजस्थान के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ेगी।

