मुंबई से उड़ने वाली तीन फ्लाइट में सोमवार (14 अक्टूबर) को बम की धमकी दी गई। पहली फ्लाइट मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की है। सूचना मिलते ही विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। विमान फिलहाल दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर खड़ा है। विमान में 239 पैसेंजर्स सवार हैं।
दूसरी फ्लाइट इंडिगो की 6E-1275 है, यह मुंबई से मस्कट जाने वाली थी। तीसरी फ्लाइट इंडिगो की 6E 56 है। यह मुंबई से जेद्दाह जाने वाली थी। इन दोनों विमानों को आइसोलेशन बे में रखकर जांच की जा रही है। सभी पैसेंजर्स को फिलहाल विमान से उतार दिया गया है। इधर, मुंबई-हावड़ा मेल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। हालांकि जांच के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
पिछले 5 दिनों में फ्लाइट में बम की धमकी का यह दूसरा मामला है। 9 अक्टूबर को लंदन से दिल्ली आ रही विस्तारा की फ्लाइट UK18 में बम की सूचना थी। फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने से करीब साढ़े 3 घंटे पहले एक यात्री ने प्लेन के टॉयलेट में धमकी भरा टिश्यू पेपर देखा। उसने क्रू मेंबर को सूचना दी। फ्लाइट में करीब 300 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। जांच के चलते पैसेंजर्स करीब 5 घंटे एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।
कोलकाता जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली लौटी
कोलकाता जा रहे एअर इंडिया के विमान को तकनीकी समस्या के कारण सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। सुबह फ्लाइट नंबर AI 100 में उड़ान भरने के तुरंत बाद समस्या का पता लगते ही इमरजेंसी लैंडिंग की घोषणा की गई।
एअर इंडिया यात्रियों के लिए जल्द से जल्द दूसरे विमान की व्यवस्था कर रही है। साथ ही फ्लाइट कैंसिलेशन पर पूरे पैसे रिटर्न करने की भी पेशकश की गई है। विमान में सवार कुल यात्रियों की संख्या की जानकारी नहीं मिली है।
21 अगस्त: एअर इंडिया की मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही फ्लाइट 657 में बम की धमकी मिली थी। विमान तिरुवनंतपुरम पहुंच चुका था। तभी पायलट ने बम की सूचना दी। फ्लाइट में 135 पैसेंजर्स सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई थी। फ्लाइट को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। जांच में कुछ नहीं मिला।
3 जून: अकासा एयर की दिल्ली-मुंबई फ्लाइट और इंडिगो की चेन्नई-कोलकाता फ्लाइट में बम की सूचना मिली थी। अकासा एयर की फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया था। फ्लाइट में एक बच्चा और 6 क्रू मेंबर्स सहित 186 पैसेंजर्स सवार थे। दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरने के बाद फ्लाइट में सिक्योरिटी अलर्ट मिला था। इसके बाद सुबह 10:13 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सेफ लैंडिंग कराई गई।
2 जून: पेरिस से 306 लोगों को लेकर मुंबई जा रही विस्तारा की फ्लाइट में बम की धमकी मिली थी। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर पूर्ण इमरजेंसी घोषित कर दी गई। 2 जून की सुबह 10.19 बजे फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
1 जून: चेन्नई से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-5314 में बम की अफवाह फैली थी। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी डिक्लेयर करके फ्लाइट की लैंडिंग कराई गई। इसमें 172 पैसेंजर्स थे। हालांकि, फ्लाइट में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

