कश्मीर के कठुआ में शुक्रवार दोपहर 4 संदिग्ध नजर आए। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी सेना को दी। लोगों के मुताबिक छन अरोरियन गांव में संदिग्ध दिखे। सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई हैं। पूरा इलाका घेरा गया है।
इससे पहले बांदीपोरा में कुलनार अजस में आज सुबह सेना-आतंकियों के बीच एनकाउंटर हुआ, जिसमें 1 आतंकी मारा गया। ऑपरेशन में 2 जवान भी घायल हुए। मारे गए आतंकी का नाम अल्ताफ बताया गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में पिछले 2 दिन में यह चौथा एनकाउंटर रहा।
सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच 24 अप्रैल को उधमपुर के डूडू बसंतगढ़ में एनकाउंटर हुआ। मुठभेड़ में सेना का एक हवलदार शहीद हो गया। व्हाइट नाइट कॉर्प्स और LG मनोज सिन्हा ने X पर रैंक 6 PARA SF के शहीद हवलदार झंटू अली शेख को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा – मुठभेड़ में फायरिंग के दौरान हमारे एक बहादुर को गंभीर चोटें आईं और बाद में इलाज के समय उसकी मौत हो गई। एनकाउंटर ऑपरेशन अभी भी जारी है।
उधर, जम्मू-कश्मीर में बांदीपुरा पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के चार ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कुछ OGW पुलिस और गैर स्थानीय लोगों पर हमला करने का मौका तलाश रहे थे।
बांदीपोरा पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया और जिले में विभिन्न स्थानों पर घेराबंदी की थी। नाका चेकिंग के दौरान मोहम्मद रफीक खांडे और मुख्तार अहमद डार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार गोला-बारूद बरामद किया गया, जिसमें चीनी हैंड ग्रेनेड 02, 7.62 एमएम मैगजीन 01 और 7.62 एमएम के 30 राउंड शामिल हैं।
इसके अलावा, बांदीपोरा पुलिस ने F-Coy 3rd BN-CRPF और 13 RR AJAS कैंप के साथ मिलकर सदुनारा अजास में नाकाबंदी की। जांच के दौरान पुलिस ने रईस अहमद डार और मोहम्मद शफी डार को पकड़ा। उनके पास से हैंड ग्रेनेड 01, 7.62 एमएम मैगजीन 01 और 7.62 एमएम के 30 राउंड बरामद किए गए।


