दिल्ली-NCR में शनिवार दोपहर मौसम बदला। यहां 76KMPH की रफ्तार से तेज आंधी चली। इसके कारण धूल की चादर पूरे दिल्ली-NCR पर छा गई। इसके बाद कुछ देर बाद ही तेज आंधी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने यहां आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश से स्थिति गंभीर होती जा रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज असम, अरुणाचल और सिक्किम के CM और मणिपुर के राज्यपाल से फोन पर बात की। राज्यों को केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
पूर्वोत्तर राज्यों में दो दिन में 32 लोगों की मौत हो गई। असम में 16, अरुणाचल में 9, मिजोरम में 4 और मेघालय में 3 लोगों की जान गई। असम के 15 से अधिक जिलों में 78 हजार अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। त्रिपुरा में 1300 परिवार को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
मणिपुर में भारी बारिश के कारण पिछले 48 घंटों में बाढ़-लैंडस्लाइड के कारण 3,802 लोग प्रभावित हुए हैं। 883 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में हाईवे 13 पर भूस्खलन की चपेट में आई कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो परिवारों के 7 लोग मारे गए। एक अन्य घटना में 2 लोगों की जान गई।
वहीं उत्तरी सिक्किम में करीब 1500 पर्यटक फंसे हैं। श्रीनगर-लेह हाईवे पर रविवार को एवलॉन्च आया। पहाड़ों का मलबा सड़क पर जमा हो जाने की वजह से यह रास्ता बंद हो गया है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मलबा हटाने के काम में जुटी हुई हैं। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रविवार को तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। पिछले 24 घंटों में कुल 7 mm बारिश दर्ज की गई।
राजस्थान के 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 2 से 4 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाने, आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। शनिवार को भरतपुर, अलवर, धौलपुर, बारां में आंधी-बारिश ने गर्मी से राहत दी। दूसरी तरफ श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़ में गर्मी तेज हो गई।

