महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और NCP नेताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर बारामती विमान हादसे की CBI जांच की मांग की। सुनेत्रा के साथ उनके बड़े बेटे पार्थ पवार, NCP नेता सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, हसन मुश्रीफ भी थे।
सुनेत्रा ने CBI जांच की मांग को लेकर CM को एक पत्र सौंपा। तटकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय से बात करने का भरोसा दिया है। इधर, विमान दुर्घटना जांच एजेंसी (AAIB) ने लियरजेट-45 के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से डेटा निकालने के लिए विशेष सहयोग मांगा है।
पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को NCP नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान क्रैश हुआ था। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री सहित पांच लोगों की मौत हुई थी। सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय (DGCA) ने मंगलवार को बताया कि बारामती प्लेन क्रैश की जांच AAIB को सौंपी गई है। मंत्रालय ने कहा- हादसे की जांच दुर्घटना और घटना जांच नियम, 2017 और ICAO Annex-13 के इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के तहत की जा रही है।
DGCA ने बताया प्लेन में दो फ्लाइट रिकॉर्डर लगे थे, जो हादसे के दौरान लंबे समय तक आग और अत्यधिक गर्मी के संपर्क में रहे। डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) से सफलतापूर्वक डेटा डाउनलोड कर लिया गया है।
2 फरवरी को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने आरोप लगाया था कि उनके चाचा की मौत में साजिश हुई है। मामले की एक्सपर्ट एजेंसियां जांच करें।
मंत्रालय ने कहा कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की तकनीकी जांच अभी जारी है। डेटा निकालने में मदद के लिए उस देश के विशेषज्ञों की भी सहायता ली जा रही है, जहां यह उपकरण बनाया गया था।
वहीं, AAIB ने कहा कि जांच पूरी तरह तकनीकी और प्रक्रियागत नियमों के अनुसार की जा रही है, ताकि निष्पक्ष और सबूत आधारित निष्कर्ष निकाला जा सके। ब्यूरो ने अपील की है कि जांच पूरी होने तक सभी लोग अटकलों से बचे रहें। जांच की डिटेल जल्द ही शेयर की जाएगी।


