देश में 7 महीने 24 दिन बाद कोरोना के नए केस 11 हजार के पार हो गए हैं। बीते 24 घंटे में संक्रमण के 11 हजार 109 मामले सामने आए हैं, जबकि 29 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले पिछले साल 20 अगस्त को 11 हजार 539 केस मिले थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में फिलहाल एक्टिव केस बढ़कर 49 हजार 622 हो गए हैं। इससे पहले पिछले साल 5 सितंबर को 49 हजार से ज्यादा एक्टिव केस थे। इसके अलावा डेली पॉजीटिविटी रेट 4.42% और वीकली रेट 4.02% पहुंच गया है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.70% है। वहीं, मृत्यु दर 1.19% दर्ज की गई।
टॉप-5 राज्यों में 64% से ज्यादा नए केस, केरल सबसे आगे
देश में गुरुवार को 11,109 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 7,115 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले। ये कुल आंकड़ों का 64% है।