केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। घाटशिला में रविवार को अपनी पहली जनसभा में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आई तो घुसपैठियों को छोड़ेंगे नहीं। कांग्रेस और हेमंत सोरेन की सरकार इनको शह दे रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की बहन-बेटियों के साथ घुसपैठियों ने जो अन्याय किया है, उसे रोकने में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के गठबंधन की सरकार नाकाम रही है। घुसपैठियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब चैन की नींद लेना बंद कर दो, जमीन हड़पना बंद कर दो।
झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी और हम कानून बनाकर झारखंड के भोले-भाले आदिवासियों को उनकी जमीन वापस कराएंगे। ऐसा कानून बनाएंगे कि उसे पिछली तारीख से लागू किया जाए।
घाटशिला के बाद हजारीबाग के बरकट्ठा में सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने घुसपैठ, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं के रोजगार के मुद्दे को उठाया। रोजगार पर उन्होंने कहा कि राज्य में पेपर लीक हो रहे हैं। ये कौन कर रहा है। सीएम हेमंत के चट्टे-बट्टे की इस काम में लगे हुए हैं। कहा कि राज्य में नौकरी की उम्मीद में 17 युवा जान गंवा दिए, लेकिन इनके चेहरे पर शिकन तक नहीं आई।
हेमंत सोरेन की ओर से एक लाख 36 हजार करोड़ रुपए मांगे जाने पर कहा कि जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तब राज्य को कितना मिला था, यह पता करने वाली बात है। इस दौरान उन्होंने जनता को भाजपा की योजनाओं से भी अवगत कराया।
महिलाओं को हर माह ₹2100, 300 यूनिट फ्री बिजली का ऐलान
इससे पहले रांची में सुबह भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। खास बात है कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को ध्यान में रखकर 150 संकल्प जारी किया गया है। इसमें 300 यूनिट बिजली फ्री, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और सवा करोड़ घरों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने का ऐलान किया किया गया है। साथ ही महिलाओं को गोगो दीदी योजना के तहत हर माह 2100 रुपए देने का वादा किया गया है। संकल्प पत्र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जारी किया।
महिलाओं और युवाओं पर भाजपा का जोर
गोगो दीदी योजना के तहत हर महिला को हर माह की 11 तारीख को 2100 रुपए सीधे उनके अकाउंट में दिया जाएगा।
स्नातक और स्नातकोत्तर बेरोजगारों को दो साल तक प्रतिमाह 2 हजार रुपए भत्ता।
पहले साल में डेढ़ लाख सरकारी पदों पर नियुक्ति। 5 साल में 2.87 लाख पदों पर नियुक्ति करेंगे।
पेपर लीक को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा।
अग्निवीरों को सरकारी नौकरी की गारंटी।
सभी परिवारों 500 रुपए में गैस सिलेंडर का वादा। त्योहार में दो बार फ्री सिलेंडर देंगे।
भाजपा 300 यूनिट बिजली फ्री देगी।
सवा करोड़ घरों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने का वादा।
किडनी के मरीजों की फ्री डायलिसिस की सुविधा दी जाएगी।
सभी आदिवासी परिवारों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा।
हेमंत सरकार पर बरसे शाह
संकल्प पत्र को जारी करते हुए अमित शाह हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि ये संकल्प पत्र लोगों की उम्मीदों को पूरा करेगा। हमरा ट्रैक रिकार्ड है, जो हम कहते हैं वो करते हैं। यह चुनाव झारखंड के भविष्य का चुनाव है।
आज तीन रैली करेंगे अमित शाह
संकल्प पत्र जारी करने के बाद अमित शाह तीन जगहों घाटशिला, सिमरिया और बरकट्ठा में जनसभा करेंगे। घाटशिला सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन और झामुमो के रामदास सोरेन के बीच सीधी टक्कर है। जबकि, बहरागोड़ा से भाजपा के दिनेशानंद गोस्वामी और झामुमो के समीर मोहंती के बीच टक्कर है। गृह मंत्री का फोकस बीजेपी के उन बागियों को साधने पर होगा, जो पार्टी के लिए चुनौती बन गए हैं।

