लोकसभा और राज्यसभा में वोटर वेरिफिकेशन और वोट चोरी को लेकर मंगलवार को भी विपक्ष ने हंगामा किया। सफल स्पेस मिशन पर चर्चा के दौरान लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए अमेरिका, चीन और पाकिस्तान के कहने पर देश के स्पेस मिशन को कमजोर किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केरल के प्रसिद्ध इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन को CBI के जरिए 1994 में गलत तरीके से गिरफ्तार कराया। इस साजिश से भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को बहुत नुकसान हुआ। इसलिए कांग्रेस नहीं चाहती कि इस विषय पर सदन में चर्चा हो।
इससे पहले लोकसभा में नारेबाजी के बीच स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कुछ सवालों के जवाब भी दिए, लेकिन हंगामा नहीं रुका। वहीं राज्यसभा में खान और खनिज संशोधन विधेयक 2025 पारित हुआ।
दोनों सदन की कार्यवाही को 20 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
राज्यसभा से खान और खनिज संशोधन विधेयक 2025 पारित
राज्यसभा में खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2025 को पारित कर दिया गया। यह बिल लोकसभा से पहले ही पारित हो चुका है। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही को कल 20 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
लोकसभा में आईआईएम संशोधन विधेयक पारित
लोकसभा में मंगलवार को गुवाहाटी में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) की स्थापना के लिए एक विधेयक पारित कर दिया। इसके लिए केंद्र सरकार 550 करोड़ रुपए की सहायता देगी। भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2025 को निचले सदन में हंगामे के बीच पारित किया गया।

