लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा शनिवार को फाइनल हो गया। दिल्ली में आम आदमी पार्टी 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। गुजरात की 26, हरियाणा की 10, गोवा की 2 और चंडीगढ़ सीट के लिए भी शेयरिंग फॉर्मूला फाइनल हो गया है।
कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक और AAP लीडर संदीप पाठक ने शनिवार को जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी।
गुजरात की भरूच कांग्रेस ने आप को दे दी। इसको लेकर अहमद पटेल की बेटी मुमताज ने X पर लिखा- जिले के कार्यकर्ताओं से माफी चाहती हूं कि गठबंधन में हम भरूच सीट को अपने लिए नहीं रख पाए। इसका मुझे खेद है। हम अहमद पटेल को नहीं भूलेंगे।
केजरीवाल ने जनवरी में गुजरात यात्रा के दौरान राज्य की भरूच लोकसभा सीट पर चैतर वसावा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था। भरूच सीट से कांग्रेस के नेता अहमद पटेल सांसद थे। उनका 2020 में निधन हो चुका है। पटेल के बेटे और बेटी इसी सीट से टिकट मांग रहे थे।
पंजाब की सभी 13 सीटों पर कांग्रेस-AAP अलग-अलग लड़ेंगी
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और AAP में सहमति नहीं बनी। AAP और कांग्रेस सभी सीटों पर अलग-अलग ही चुनाव लड़ेंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में 10 फरवरी को इसका ऐलान भी किया था। उन्होंने 21 फरवरी को कहा था- पंजाब में अकेले लड़ने का फैसला जीतने के लिए किया है।

