प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने स्व-सहायता समूहों को 5 हजार करोड़ रुपए का लोन जारी किया। साथ ही 11 लाख लखपति दीदियों को सर्टिफिकेट भी दिया।
PM ने देशभर में हो रही रेप की घटनाओं पर चिंता जताई। कोलकाता में महिला डॉक्टर, बदलापुर में दो बच्चियों के यौन शोषण समेत देशभर में हो रही घटनाओं का बिना नाम लिए उन्होंने कहा- आज देश का हर राज्य अपनी बेटियों की पीड़ा और गुस्से को समझ रहा है।
मैं देश के हर राजनीतिक दल और राज्य सरकार से कहूंगा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध अक्षम्य है। दोषी कोई भी हो, उसे बचना नहीं चाहिए। सरकारें आती जाती रहेंगी। नारी के सम्मान और गरिमा और उनके जीवन की रक्षा का दायित्व हमारा है।
महाराष्ट्र के बाद, मोदी राजस्थान जाएंगे। वे जोधपुर में राजस्थान हाईकोर्ट प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंंगे। यहां हाईकोर्ट संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे।
महाराष्ट्र को आने वाले कई सालों तक महायुति सरकार की जरूरत
महाराष्ट्र को आने वाले कई साल तक महायुति की स्थिर सरकार की जरूरत है। जाे उद्योगों को, युवाओं की पढ़ाई और नौकरी को बढ़ावा दे सके। मुझे भरोसा है यहां की माताएं बहनें मेरा साथ देंगी। एक बार फिर महायुति सरकार के कामों को सरकार की मदद का आश्वासन देता हूं
भारतीय न्याय संहिता में महिलाओं और बच्चों के लिए बने विशेष कानून
मैं बेटियों को बताना चाहता हूं कि पहले शिकायत आती थी FIR नहीं होती। ऐसी अड़चनों को हमने भारतीय न्याय संहिता में दूर कर दिया है। महिला और बच्चों के लिए अलग चैप्टर रखा है। अगर पीड़ित थाने नहीं जाना चाहती तो जीरो FIR कर सकती है। इस पर सबसे पहले एक्शन के निर्देश दिए गए हैं।
नाबालिगों से यौन अपराध के लिए फांसी और उम्रकैद नए कानूनों में रखी गई है। भारतीय न्याय संहिता में शादी के नाम पर धोखे और छल को भी साफ साफ परिभाषित किया गया है। केंद्र सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने लिए तैयार है।
नारी के खिलाफ हुआ हर अपराध अक्षम्य है, दोषी को सजा मिलनी चाहिए
आज तीनों सेनाओं में महिला अफसर तैनात हो रही हैं। गांव में कृषि और डेयरी सेक्टर में बेटियां बिजनेस मैनेज कर रही हैं। राजनीति में भी उनकी भागीदारी बढ़े इसके लिए हमने नारीशक्ति वंदन अधिनियम बनाया है। मैंने लाल किले से भी बार बार इस विषय को उठाया है। आज देश का हर राज्य अपनी बेटियों की पीड़ा और गुस्से को समझ रहा है।
मैं देश के हर राजनीतिक दल और राज्य सरकार से कहूंगा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध अक्षम्य अपराध है। दोषी कोई भी हो उसे बचना नहीं चाहिए, उसे मदद करने वाला बचना नहीं चाहिए। अस्पताल, पुलिस, स्कूल, दफ्तर जिस भी स्तर पर लापरवाही हो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
ऊपर से नीचे तक ये संदेश जाना चाहिए कि ये अक्षम्य अपराध है। सरकारें आती जाती रहेंगी। ये हमारा दायित्व है नारी सम्मान और गरिमा और उनके जीवन की रक्षा हो।


