दिल्ली में शनिवार रात आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) की पार्किंग का वीडियो वायरल है। इसमें वाहन जिस शेड के नीचे पार्क किए गए हैं वो बारिश के कारण फट गया।
बारिश के कारण एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा फ्लाइट भी प्रभावित हुईं। दिल्ली एयरपोर्ट के मुताबिक शनिवार रात 11:30 बजे से रविवार सुबह 4:00 बजे तक 49 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में 82 kmph की रफ्तार से आंधी चली। 3.2 इंच (81.2 mm) बारिश हुई। मिंटो रोड, मोती बाग और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के अलावा कई सड़कों पर पानी भर गया।
इधर, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु के बाद मानसून की एंट्री महाराष्ट्र में हो गई है। रविवार को पश्चिमी महाराष्ट्र के जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, पुणे, कोल्हापुर सहित पहाड़ी इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई और कोंकण में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दे दी है।.
मध्य प्रदेश में भी समय से पहले मानसून की एंट्री हो सकती है। जून के पहले हफ्ते में तेज बारिश का दौर शुरू होगा। आमतौर पर राज्य में मानसून की एंट्री 16 जून के आसपास होती है। पिछले साल 21 जून को मानसून आया था।
हिमाचल, राजस्थान और यूपी के मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार शाम बादल फटने के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई। इससे 25 से ज्यादा वाहनों को नुकसान पहुंचा। पहाड़ों से गिर रहे मलबे से हिंदुस्तान-तिब्बत रोड और नेशनल हाईवे-5 बंद हो गया।
राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में घर की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बीकानेर, सीकर और झुंझुनू में शनिवार देर रात आंधी की वजह से इलेक्ट्रिक पोल और पेड़ उखड़ गए।
हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा 53 mm बारिश हुई, जबकि बाड़मेर का तापमान सबसे ज्यादा 47.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कल रात आई आंधी-बारिश के चलते ACP ऑफिस में बने कमरे की छत गिर गई। इसमें दबने से सब इंस्पेक्टर (SI) वीरेंद्र मिश्रा की मौत हो गई।
केरल के सभी जिलों में भारी बारिश
24 मई को मानसून की एंट्री के बाद से केरल के सभी जिलों में भारी बारिश जारी है। 25 मई को भी तेज हवा और बारिश जारी है। इसके कारण कई पेड़ उखड़ गए, घर क्षतिग्रस्त हो गई, कई नदियों के उफान पर होने के चलते बांध ओवरफ्लो हो गए। इसके चलते कुछ बांधों के शटर खोले गए।
वायनाड के लैंडस्लाइड प्रभावित इलाके चूरलमाला में 24 मई की रात से तेज बारिश जारी है। लोगों को दोबारा लैंडस्लाइड का डर सता रहा है। चूरलमाला-मुंडक्कई इलाके से गुजरने वाली पुन्नपुझा नदी का वाटर लेवल बढ़ा है।
पथानामथिट्टा के एजमकुलम में पेड़ उखड़कर कच्चे घर पर जा गिरा। कोझिकोड और कासरगोड में भी पेड़ गिरे। अधिकारी के मुताबिक रविवार सुबह इडुक्की के मलंकारा बांध के पांच शटर खोले गए हैं।


