बालाघाट में पुलिस ने एक मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ शनिवार दोपहर में बिठली पुलिस चौकी क्षेत्र के पचामा दादर के जंगल में हुई है।
हॉक फोर्स और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। एसपी आदित्य मिश्रा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी भी ऑपरेशन जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस को पचामा दादर के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद फोर्स यहां भेजी गई। मुठभेड़ में मारी गई तीनों महिला नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
फरवरी में 4 महिला नक्सली मारी गई थीं
इससे पहले 19 फरवरी को भी बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी। कान्हा के वनक्षेत्र सूपखार में रौंदा फारेस्ट कैंप के पास हुई मुठभेड़ में 4 महिला नक्सली मारी गई थीं। इनमें आशा, शीला, रंजीता और लख्खे मरावी शामिल थीं। इन पर कुल 62 लाख रुपए का इनाम था। ये 2015-16 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थीं।
बालाघाट के गढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मुठभेड़ में 4 हार्ड कोर महिला नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। सभी कान्हा भोरमदेव एबी डिवीजन खटिया मोर्चा दलम की नक्सली थी। कमांडर आशा सहित अन्य महिला नक्सली भी वर्दीधारी थी। कमांडर आशा पर 14 लाख का इनाम था।

