गोवा के नाइट क्लब में रविवार रात आग लगने से हुई 25 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने क्लब चेन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गोवा पुलिस ने क्लब के मालिकों गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।
आरोप है कि बिना जरूरी दस्तावेजों और लाइसेंस के क्लब चलाया जा रहा था। इधर, सोमवार को मामले में पांचवी गिरफ्तारी की गई। दिल्ली से क्लब के ऑपरेशन मैनेजर भरत सिंह को गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले पुलिस ने क्लब के चीफ जनरल मैनेजर राजीव मोडक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को गिरफ्तार किया था। वहीं, इंस्टाग्राम पर चेन के मालिक सौरभ लूथरा ने हादसे पर दुख जताया और कहा कि पीड़ितों की हर मदद के लिए तैयार हैं।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को 6 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। CM प्रमोद सावंत ने कहा है कि शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक पटाखे से आग लगने की बात सामने आई है।
दरअसल, पणजी से 25km दूर अरपोरा में बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में नाइट क्लब के 20 कर्मचारी और 5 टूरिस्ट शामिल हैं।
हादसे के वक्त क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी। इस बची कजाकिस्तान की बेली डांसर क्रिस्टीना फ्लोर पर आईं। उनकी एंट्री के वक्त इलेक्ट्रिक पटाखे जले। इन्हीं से पार्टी हॉल की सीलिंग में आग लगी।
क्रिस्टीना का डांस वीडियो वायरल होने के बाद आग लगने की संभावित वजह सामने आई। इस हादसे के बाद क्रिस्टीना ने मीडिया को बताया कि किसी ने उन्हें धक्का देकर बेसमेंट में जाने से रोक दिया था।
बेली डांसर क्रिस्टीना ने कहा कि वे अपनी जान बचाने के लिए इंडियन गॉड का शुक्रिया करती हैं। उनकी पूरी टीम आग वाली जगह से निकलने में कामयाब रही।
हादसे के बाद इंस्टाग्राम पर रोमियो लेन के मालिक सौरभ लूथरा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। ओनर ने इंस्टाग्राम पर लिखा- मैनेजमेंट ने बहुत दुख जताया है और बर्च में जान-माल की दुखद क्षति से बहुत दुखी है।
उन्होंने आगे लिखा कंपनी की तरफ से हर तरह की मदद, सपोर्ट और सहयोग की कोशिश की जाएगी। इस दुख की घड़ी में, मैनेजमेंट मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ पूरी तरह से खड़ा है।


