गोवा के नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ आग मामले में मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। थाईलैंड पुलिस ने गुरुवार (11 दिसंबर) को फुकेट में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था।
थाई पुलिस अब दोनों को बैंकॉक के सुवर्णभूमि एयरपोर्ट ले गई है। यहां दोनों को भारतीय एजेंसियां अपनी कस्टडी में लेंगी। इसके बाद उन्हें सुआन फू इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर ले जाया जाएगा। पासपोर्ट रद्द होने के कारण भारतीय दूतावास इनके लिए इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी करेगा।
चूंकि, थाईलैंड से गोवा के लिए सीधी उड़ान नहीं है, इसलिए लूथरा ब्रदर्स को बैंकॉक से पहले दिल्ली, फिर गोवा ले जाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 4 दिन लगेंगे। सोमवार तक दोनों भाइयों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस दोनों को हिरासत में लेगी।
इधर, लूथरा ब्रदर्स को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ और गौरव, बर्च क्लब के अलावा अन्य 42 कंपनियों से भी जुड़े हैं, जिनमें कई सिर्फ कागज पर मौजूद हैं। ये सभी कंपनियां दिल्ली में एक ही पते (2590, ग्राउंड फ्लोर, हडसन लाइन, नार्थ वेस्ट दिल्ली) पर रजिस्टर्ड हैं।
कॉर्पोरेट रिकॉर्ड से पता चलता है कि लूथरा भाई फर्जी कंपनियों और लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप (LLPs) में डायरेक्टर या पार्टनर के तौर पर लिस्टेड हैं। ऐसी कंपनियों का इस्तेमाल आमतौर पर बेनामी लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जाता है। हालांकि, अभी इसकी जांच होना बाकी है।
बर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई भारत छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। थाई पुलिस ने दोनों को फुकेट में एक होटल के कमरे से हिरासत में लिया। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।


