झारखंड के जमशेदपुर में मंगलवार सुबह 3.43 बजे 12810 मुंबई-हावड़ा मेल पहले से डिरेल हुई मालगाड़ी से टकरा गई। घटना के बाद मेल की 18 बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पैसेंजर ट्रेन का इंजन डिरेल हुई मालगाड़ी की बोगी से टकराया। इसके बाद ट्रेन के 18 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा राजखरसवां और बड़ाबाम्बो के बीच हुआ।
रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख का मुआवजा देना का ऐलान किया है। वहीं गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों को 5-5 लाख का मुआवजा दिया जाएगा।
चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि रेलवे की दुर्घटना राहत ट्रेन और एंबुलेंस घटनास्थल पर मौजूद है। घायलों को चक्रधरपुर स्थित रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेल हादसे पर झारखंड स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा- हम घटनास्थल पर आए हुए हैं, इस विपदा की खड़ी में सुबह से हमारे जिला अधिकारी, SP, पूरी स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी हुई है। मतृक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे और उन्हें स्वास्थ्य संबंधित जो जरूरत पड़ेगी वो दिया जाएगा।
झारखंड सरकार के 2 मंत्री घटनास्थल के लिए रवाना
सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री दीपक बिरुआ और विधायक दशरथ गगराई घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख का मुआवजा- रेलवे
झारखंड रेल हादसे में 2 यात्रियों की मौत हुई है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख का मुआवजा देना का ऐलान किया है। वहीं गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों को पांच-पांच लाख का मुआवजा दिया जाएगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे के ट्रेन मैनेजर मोहम्मद रेहान ने बताया कि तड़के करीब 3.39 बजे ट्रेन पटरी से उतर गई और इस घटना में कई लोग घायल हो गए है। डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी पहले ही पटरी से उतर गई थी इस वजह से हादसा हुआ। हादसे के वक्त ट्रेन की स्पीड 120 किमी प्रति घंटे थी। हादसे के बाद अपलाइन प्रभावित है।
A-1 कोच में हावड़ा से मुंबई जा रहे दिलीप अग्रवाल ने बताया कि 4 बजे करीब बहुत तेज आवाज हुई। 3 से 5 सेकेंड में सब हो गया। हम लोग सीट पर लेटे थे। सभी लोग पलट गए। ऊपर से लोग नीचे गिर गए। कांच टूट गए। हमारे कोच में कई लोग घायल हुए।
राउरकेला से रूट डायवर्ट किया गया
चक्रधरपुर रेल मंडल में हुए हादसे के बाद बिलासपुर जोन के बिलासपुर से हावड़ा रूट पर चलने वाली ट्रेनों को रोक दिया है। वहीं रेलवे प्रशासन ने राउरकेला से रूट डायवर्ट कर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की बात कही है। हादसे के बाद यात्रियों के परिजन को जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

