बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बम विस्फोट हुआ, जिसमें 9 लोग घायल हो गए। बम स्क्वॉड, फोरेंसिक और NIA की टीम विस्फोट की जांच कर रही है।
घटना के बाद सबसे पहले फायर ब्रिगेड और व्हाइटफिल्ड पुलिस ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट हुआ है। जब हम मौके पर पहुंचे तो कैफे की दीवार पर लगा शीशा टूटकर टेबल पर बिखरा पड़ा था।
इसके बाद भाजपा के दो सांसदों ने विस्फोट पर संदेह जताया और बम ब्लास्ट का दावा किया। शाम साढ़े 5 बजे खुद CM सिद्धारमैया ने बताया- यह एक लो इंटेंसिटी का IED ब्लास्ट था।
एक शख्स कैफे में बैग छोड़कर गया, जिसके बाद विस्फोट हुआ।कैफे में धमाके वाली जगह से बैटरी, जला हुआ बैग और कुछ आईडी कार्ड मिले हैं। राज्य के गृहमंत्री ने कहा- धमाका एक सिटिंग एरिया में हुआ, हालांकि वहां कोई सिलेंडर नहीं था। मामले की जांच जारी है। DGP ने कहा कि हमें फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
कर्नाटक के DGP आलोक मोहन ने कहा- बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड में एक कैफे में विस्फोट हुआ है। मैं घटनास्थल पर गया था। CM और गृह मंत्री को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है। 9 लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच चल रही है। फोरेंसिक टीम से रिपोर्ट ली जाएगी।

