रैपर पैंथर और रागा के सॉन्ग ‘गलत करम करे…’ पर श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी और पुजारी महासंघ ने आपत्ति जताई है।
3 मिनट के इस गाने में आपत्तिजनक शब्दों के साथ गालियां हैं। इसके बीच महादेव का नाम भी लिया गया है। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने गाने में से महादेव का नाम तुरंत हटाने को कहा है। गाने पर बैन लगाने की मांग की है।
अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के प्रदेश सचिव रूपेश मेहता ने कहा है कि बार-बार हिंदू धर्म के ऊपर अश्लील गाने और फिल्म की बातें सामने आती हैं।
देवी-देवताओं के नाम पर फिल्म और गाने में अश्लीलता दिखाई जा रही है।पुजारी महासंघ के महासचिव व महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने कहा कि हिंदू सनातन धर्म बड़ा सरल धर्म है, इसलिए बार-बार इस प्रकार की टीका टिप्पणी और अश्लील बातें आ रही हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अश्लील गाना लिखने वाला राइटर और सिंगर माफी मांगें। गाने से महादेव का नाम हटाएं। अन्यथा इसके खिलाफ विरोध – प्रदर्शन किया जाएगा।
PM से मांग, सनातन के लिए कानून बनाएं
पुजारी महेश शर्मा ने कहा, ‘जब-जब सनातन धर्म के देवी-देवताओं का नाम अश्लीलता के साथ पिक्चरों में दिखाया जाएगा, हमारा विरोध रहेगा।
भगवान के नाम के साथ अश्लील गाने बनाए जाएंगे, हम विरोध करते रहेंगे। प्रधानमंत्री से मांग है कि सनातन धर्म के लिए भी एक कानून बनाएं, जिससे इस तरह की बातें रोकी जा सकें। सजा का प्रावधान हो। ऐसे गायकों और फिल्म बनाने वालों को सजा मिल सके।
जिन्होंने इस गाने को लाइक किया है, वे ऐसा न करें। अगर अल्लाह, यीशू का नाम होता तो वो पूरा समाज एक होकर विरोध करता, लेकिन दुर्भाग्य है कि हिंदू सनातन को मानने वाले ऐसे अश्लील गाने को सुनकर लाइक करते हैं।’


