प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत बिहार से कर सकते हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने भाजपा सूत्रों के हवाले से बताया कि 13 जनवरी को PM चंपारण के बेतिया में रैली करेंगे।
वे रमन मैदान में एक जनसभा भी करेंगे। इसी दिन वे झारखंड के धनबाद भी जा सकते हैं।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि 13 जनवरी को बेतिया में PM मोदी बिहार के विभिन्न सड़कों और केंद्रीय योजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास कर सकते हैं। 2014 लोकसभा चुनाव के बाद यह पहली बार होगा, जब भाजपा अपने सबसे पुराने सहयोगी JDU के बिना चुनावी मैदान में उतरेगी।
15 जनवरी यानी मकर संक्रांति के बाद भाजपा राज्य में कई जनसभाएं और रैलियां करेगी। खुद प्रधानमंत्री मोदी बेगूसराय, बेतिया और औरंगाबाद में तीन रैलियां करेंगे। पार्टी इस बार लोजपा और हम के साथ मिलकर 40 सीटों पर मैदान में होगी।
PM के कार्यक्रम के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह जनवरी और फरवरी में कैंपेन में शामिल होंगे। शाह जनवरी और फरवरी में सीतामढी, मधेपुरा और नालंदा में जनसभाएं करेंगे। वहीं, नड्डा बिहार के सीमांचल और पूर्वी इलाकों में रैलियां करेंगे।
बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में NDA को 39 सीटों पर जीत मिली थी। तब नीतीश कुमार की JDU भाजपा के साथ थी।
नीतीश के NDA से अलग होने के बाद भाजपा के पास 17 और JDU के पास 16 सीटें हैं। इसके अलावा भाजपा की सहयोगी लोजपा के पास 6 सीटें हैं। एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। RJD के पास एक भी सीट नहीं है।


