यूपी ATS ने आगरा से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय नौसेना यानी नेवी में लांस नायक है। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहा था। आरोपी ने ISI एजेंट को देश के युद्धपोतों की तस्वीरें और डिटेल्स भेजी हैं।
ATS ने मंगलवार को आरोपी आदर्श कुमार उर्फ लकी को आगरा में उसके गांव कागारौल थाने के गांव चीतपुर से दबोचा है। उसकी 22 दिन पहले ही शादी हुई थी। वह हनीमून मनाने दुबई गया था। 3 दिन पहले ही वहां से लौटा था।
लांस नायक ने अपने बैंक खाते से ISI एजेंट को पैसे भी ट्रांसफर किए थे। इसकी पुष्टि उसके पास मिले दस्तावेजों से हुई है।
लांस नायक आदर्श कुमार की तैनाती कोच्चि (केरल) में दक्षिणी नेवल कमांड में थी। ATS को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि आदर्श पाकिस्तानी एजेंसी ISI को भारत से जुड़ी अहम जानकारियां भेज रहा है।
एटीएस ने लकी को उसके गांव से पकड़कर पूछताछ की। इसमें पुष्टि हुई कि उसने बेहद संवेदनशील सूचनाएं साझा की। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की भी जांच की गई, जिसमें उसके जासूस होने की पुष्टि हुई।
एटीएस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगरा कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया। एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि कहीं इस जासूसी नेटवर्क में और लोग तो शामिल नहीं हैं।
दैनिक भास्कर की टीम आरोपी के गांव चीतपुर पहुंची। यहां सन्नाटा पसरा हुआ था। पड़ोसियों ने आदर्श के पाकिस्तानी एजेंट होने की जानकारी पर हैरानी जताई। उन्होंने बताया कि आदर्श सात साल पहले नेवी में भर्ती हुआ था। 19 फरवरी को उसकी शादी मथुरा के विशावर की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी समारोह आदर्श के गांव कागारौल के सूरज गार्डन में हुआ था।
शादी के बाद आदर्श पत्नी को लेकर हनीमून पर दुबई गया। उसके वापस आते ही ATS ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि कभी लगा नहीं था कि आदर्श पाकिस्तानी एजेंट हो सकता है। वह बहुत सीधा-सादा लगता था।
आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि आदर्श के पिता बलवीर तीन भाइयों में से एक हैं और सभी संयुक्त परिवार में रहते हैं। बलवीर शराब की दुकान पर काम करते हैं।


