कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘नरेंदर सरेंडर’ वाले बयान पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पलटवार किया है। नड्डा ने बुधवार को X पर दो पोस्ट किए। इसमें उन्होंने राहुल गांधी से कहा- राहुल गांधी, सरेंडर आप करते होंगे, क्योंकि आपका इतिहास ही ऐसा रहा है। भारत कभी सरेंडर नहीं करता। सरेंडर आपकी पार्टी कांग्रेस की डिक्शनरी में है, आपके DNA में है।
नड्डा ने लिखा, ‘पाकिस्तान तो रोते-रोते दुनिया को बता रहा है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में 18 जगह हमला करके सब कुछ तबाह कर दिया और राहुल गांधी देश के सरेंडर की बात कर रहे हैं। उनको पता होना चाहिए कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की घोषणा सरकार ने नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अधिकारियों ने की थी।
भाजपा अध्यक्ष ने आगे लिखा, ‘जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान में तबाही मचाई, उसके बाद पाकिस्तान की जनता से लेकर उसकी सेना और उसके प्रधानमंत्री ने भी वो कहने की हिम्मत नहीं की, जो राहुल गांधी बोल रहे हैं। उन्होंने जो कहा, वह देशद्रोह से कम नहीं है।
दरअसल, राहुल गांधी ने मंगलवार को भोपाल में मोदी के खिलाफ बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ‘ट्रम्प का एक फोन आया और नरेंद्र जी तुरंत सरेंडर हो गए। BJP-RSS वालों को मैं अच्छी तरह से जानता हूं। इन पर थोड़ा सा दबाव डालो, थोड़ा सा धक्का मारो। ये डरकर भाग जाते हैं।’
भाजपा ने कहा- कांग्रेस के सरेंडर हिंदुस्तान के कैलेंडर में भरे पड़े
नड्डा से पहले भाजपा के भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी हेडक्वार्टर में भाजपा की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस की और राहुल गांधी की आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद भी राहुल गांधी में परिपक्वता और गंभीरता नहीं आई है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को सरेंडर बताना उनकी खतरनाक मानसिकता दिखाता है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘राहुल गांधी ने ऐसा बयान दिया है जो पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने भी नहीं बोला, किसी आतंकी संगठन ने नहीं बोला, मसूर अजहर और हाफिज सईद ने भी नहीं बोला। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की घोषणा भारत सरकार या भाजपा के किसी प्रवक्ता ने नहीं देश की सेना ने की है। राहुल ने सरेंडर शब्द इस्तेमाल करके सेना का अपमान किया है।’


