देश के पुराने संसद भवन में कार्यवाही का आज अंतिम दिन है। 19 सितंबर को संसद नई बिल्डिंग में शिफ्ट होगी। केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। आज पुरानी संसद में विशेष सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में कामकाज चल रहा है। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 50 मिनट की स्पीच में देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को याद किया।
PM मोदी ने अपने स्पीच के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा- इसी सदन में पंडित नेहरू की ‘स्ट्रोक ऑफ मिडनाइट’ की गूंज हम सबको प्रेरित करती है। बांग्लादेश की मुक्ति का आंदोलन और उसका समर्थन इसी सदन में इंदिरा गांधी के नेतृत्व में किया गया था। नेहरू-इंदिरा की तारीफ पर BJP सांसदों ने ताली बजाई, लेकिन कांग्रेस खेमे से किसी भी सांसद ने ताली नहीं बजाई। पीएम मोदी के बाद कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी लोकसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस की पूर्व सरकारों के कामों को गिनाया। इस दौरान सोनिया ने उन्हें टोका और महिला आरक्षण पर बोलने को कहा।
पुरानी संसद में आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने राज्यसभा में शायरी पढ़कर अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा- बदलना है तो अब हालात बदलो, ऐसे नाम बदलने से क्या होता है। देना है तो युवाओं को रोजगार दो, सबको बेरोजगार करके क्या होता है। दिल को थोड़ा बड़ा करके देखो, लोगों को मारने से क्या होता है। कुछ कर नहीं सकते तो कुर्सी छोड़ दो, बात-बात में डराने से क्या होता है। अपनी हुक्मरानी पर तुम्हें गुरूर है, लोगों को डराने से धमकाने से क्या होता है।