कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को महाराष्ट्र कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का जायजा लिया। मीटिंग में महाराष्ट्र कांग्रेस चीफ नान पटोले, विजय वडेट्टीवार, पृथ्वीराज चव्हाण, बालासाहेब थोराट, वर्षा गायकवाड़ और रमेश चेन्नितला शामिल हुए।
इस बैठक की डिटेल अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक बैठक में शिवसेना (उद्धव गुट) और NCP (शरद पवार) के साथ सीट-बंटवारे को लेकर हुई चर्चाओं, पार्टी के अभियान और विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन की समीक्षा की गई।
यह बैठक इसलिए अहम रही क्योंकि हाल ही में कांग्रेस को हरियाणा में चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। हरियाणा चुनाव में हार को लेकर राहुल गांधी ने नेताओं के प्रति नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नेताओं का इंटरेस्ट ऊपर रहा, इस कारण से पार्टी का इंटरेस्ट नीचे चला गया।
पार्टी 100-110 पर चुनाव लड़ सकती है
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटें हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से लगभग 100-110 सीटों पर ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि ऐसी जानकारी सामने आई थी कि कांग्रेस में टिकट पाने के लिए 1800 से ज्यादा एप्लिकेशन आई हैं। इस बार विदर्भ और मराठवाड़ा इलाके से सबसे ज्यादा लोगों ने एप्लिकेशन फाइल किया है।
महाराष्ट्र में 26 नवंबर के पहले होंगे विधानसभा चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने 28 सितंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। तारीखों का ऐलान अगले महीने होने की उम्मीद है।
राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसएस संधू दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर आए थे। उन्होंने यहां विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर, सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
इसके अलावा उन्होंने शिवसेना, शिवसेना UBT, मनसे, बसपा, आप समेत 11 पार्टियों से मुलाकात की। सभी पार्टियों ने मांग की थी कि दिवाली, देव दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों को ध्यान में रखकर चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाए।
महाराष्ट्र में इस वक्त बीजेपी-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। बीजेपी 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी।
मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और बीजेपी गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने 44 विधायकों वाली कांग्रेस और 53 विधायकों वाली NCP के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।
मई 2022 महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ बगावत कर दी। वह बीजेपी के साथ मिल गए। 30 जून 2022 को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
इसके साथ ही शिवसेना पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।

