बिहार में पहले फेज की 121 सीटों पर कल वोटिंग होनी है। इससे एक दिन पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि राज्य में ऑपरेशन सरकार चोरी चलाया जा रहा है। राहुल ने बिहार के 5 वोटरों को मंच पर बुलाया। सभी ने कहा कि उनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं।
राहुल ने वोटर वैरिफिकेशन पर 1 घंटा 20 मिनट लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 3.5 लाख वोटर्स का नाम लिस्ट से काट दिया गया था। बिहार में भी यही दोहराया जा रहा है। चुनाव से ठीक पहले वोटर लिस्ट दी जाती है, ताकि लोकतंत्र को मारा जा सके।
उन्होंने अपने प्रजेंटेशन में हरियाणा की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा कि ब्राजील की एक मॉडल ने हरियाणा चुनाव के दौरान 10 बूथ पर 22 बार वोट डाला। इस तरह हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोटों की चोरी हुई।
राहुल ने सबसे पहले हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी का वीडियो दिखाया। राहुल ने कहा कि 2024 इलेक्शन रिजल्ट के दो दिन पहले सीएम ने एक बाइट दी, जिसमें उन्होंने व्यवस्था का जिक्र किया। अब ये व्यवस्था क्या है। इसके बाद जो रिजल्ट आया हरियाणा में कांग्रेस चुनाव हार गई।
राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद नायाब सिंह सैनी की एक बाइट पर संदेह पैदा होता है। राहुल ने इलेक्शन रिजल्ट से दो दिन पहले 6 अक्टूबर 2024 को सैनी का बयान सुनाया।
नायाब सैनी कहते हैं- ‘मैंने शुरू से यह कहा है कि भाजपा एकतरफा सरकार बना रही है। हमारे पास सारी व्यवस्थाएं हैं। आप चिंता मत करिए।’
राहुल ने सवाल उठाया कि आखिर वो व्यवस्था क्या है। बीजेपी नेता मुस्कुराते हुए सरकार बनाने का दावा कर रहे थे। यह व्यवस्था वोट चोरी की है। इसके बाद जो रिजल्ट आया हरियाणा में कांग्रेस चुनाव हार गई।
राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो दिखाई। राहुल ने सवाल किया कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन लड़की का क्या काम है। राहुल ने दावा किया कि मॉडल ने 22 बार वोट डाला। हरियाणा में पांच कैटेगरी में 25 लाख वोट चोरी हुए। एक अन्य महिला ने एक असेंबली में 100 बार वोट किया।
राहुल गांधी ने ब्राजीलियन मॉडल का नाम नहीं बताया। हालांकि उसकी तस्वीर फोटोग्राफर मैथियस फेरेरो ने फ्री स्टॉक इमेज प्लेटफॉर्म Unsplash.com पर अपलोड की थी। राहुल ने यह तस्वीर वहीं से निकाली।
मॉडल की तस्वीर पहली बार 2 मार्च, 2017 को पब्लिश की गई थी और इसे Unsplash लाइसेंस के तहत 5.9 करोड़ से ज्यादा बार देखा और 4 लाख से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।

