NEET मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा – ‘सरकार NEET पर जवाब देने के लिए तैयार है। हम चर्चा से भाग नहीं रहे। सरकार पूरी प्रतिबद्धता से मामले की जांच करवा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’
इससे पहले, NTA में सुधार के लिए बनी हाई लेवल कमेटी ने 27 जून से 7 जुलाई के बीच स्टूडेंट्स और पेरेंट्स से सुझाव मांगे हैं। टीचर्स और इंस्टीट्यूट्स भी अपने सुझाव दे सकते हैं। NTA की मॉनिटरिंग के लिए शिक्षा मंत्रालय ने 22 जून को कमेटी का गठन किया था। ISRO के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन कमेटी के अध्यक्ष हैं।
राहुल गांधी बोले- NEET पर प्यार से बात करें PM मोदी
राहुल गांधी ने संसद भवन के बाहर NEET मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा कि युवाओं के ये नहीं मालूम कि उनके साथ क्या होने वाला है। उनके लिए संसद में बहस होनी चाहिए। फिलहाल, लोकसभा को सोमवार 1 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
NEET पर ममता ने PM को लिखी चिट्ठी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने NEET एग्जाम को रद्द करने लेकर प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने मेडिकल एंट्रेंस के लिए पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। दरअसल, 2017 से पहले मेडिकल एंट्रेंस के लिए स्टेट लेवल पर एंट्रेंस एग्जाम कराया जाता था।
दिल्ली पुलिस ने NSUI के खिलाफ दर्ज किया केस
दिल्ली पुलिस ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के स्टूडेंट्स विंग – NSUI के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दरअसल, NSUI ने 27 जून को दिल्ली में NTA के हेड ऑफिस के बाहर NEET पेपर रद्द करने और रीएग्जाम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान NSUI के कार्यकर्ता NTA के ऑफिस में घुसे और ताला लगाने की कोशिश की।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने दैनिक भास्कर से कहा – हम करीब 200 स्टूडेंट्स के साथ NTA के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने गए थे। हमने ऑफिस में अंदर घुसकर ताला लगा दिया। जो काम सरकार को करना चाहिए था, वो हमने कर दिया। अब हम देश के अलग-अलग शहरों में यही करेंगे।
बिहार : NEET पेपर लीक केस में CBI की पहली गिरफ्तारी, पटना से मनीष प्रकाश और आशुतोष अरेस्ट
NEET पेपर लीक मामले में CBI ने 27 जून को मनीष प्रकाश और आशुतोष को पटना से गिरफ्तार किया। इन दोनों ने ही पटना के प्ले एंड लर्न स्कूल को रात भर के लिए बुक कराया था। इसी स्कूल में 20 से ज्यादा कैंडिडेट्स को इकट्ठा करके आंसर रटवाए गए थे। यहीं जली बुकलेट के टुकड़े भी मिले थे।
CBI पिछले दो दिन से 11 लोगों से पूछताछ कर रही है। CBI ने बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) से 26 जून को यह केस अपने हाथ में लिया था। अब तक 5 राज्यों में पुलिस ने 27 गिरफ्तारियां की हैं।
गुजरात: CBI ने गोधरा में दर्ज की FIR, पुलिस ने सौंपे 1000 पेज के सबूत
गुजरात के गोधरा में भी NEET पेपर लीक मामले में CBI ने जांच शुरू कर दी है। गुजरात पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। गोधरा पुलिस पेपर लीक और 27 कैंडिडेट्स को एग्जाम में पास करने के लिए लिए 10-10 लाख रुपए लेने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
लोकल पुलिस ने जांच के सबूत CBI को हैंडओवर कर दिए हैं। इसमें 1 हजार पेज के डॉक्यूमेंट्स, मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, प्री एग्जाम मीटिंग के सबूत और स्टूडेंट्स के बीच 2.3 करोड़ रुपए के लेनदेन का रिकॉर्ड शामिल है। वहीं, पुलिस ने जय जलराम स्कूल से 7 लाख रुपए कैश भी बरामद किया है।


