पश्चिम बंगाल के कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया है कि वे लोकसभा चुनाव के लिए राज्य की सीटों का ईमानदारी से बंटवारा नहीं कर रही हैं।
उनकी असली मंशा सामने आ गई है। दरअसल, एक दिन पहले ही जानकारी सामने आई थी कि ममता ने कांग्रेस को दो सीटें देने की बात कही है। अधीर ने इसी को लेकर बयान दिया है।
अधीर ने कहा कि ममता इस वक्त पीएम मोदी की खुशामद में लगी हैं। इसलिए वे गठबंधन की राजनीति नहीं करना चाहती हैं। अगर वे गठबंधन की राजनीति करेंगीं तो पीएम मोदी गुस्सा हो जाएंगे।
और मोदी जी को जिस बात पर गुस्सा आता है, ममता दीदी वो काम नहीं करती हैं।
अधीर ने कहा कि ममता बनर्जी कह रही हैं वे राज्य में कांग्रेस को दो सीटें देंगीं। ये दो सीटें वे हैं, जो कांग्रेस पहले ही जीत चुकी है। वहां कांग्रेस के सांसद हैं।
तो ममता हमें नया क्या दे रही हैं? ये दो सीटें हमने ममता बनर्जी और भाजपा को हराकर जीती हैं।
ममता ये सीटें देकर क्या हम पर कोई अहसान कर रही हैं? कौन अब उन पर भरोसा करेगा? चुनाव जीतने के लिए ममता को कांग्रेस की जरूरत है। कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ने और इससे ज्यादा सीटें जीतने में सक्षम है।
हम उन्हें दिखा देंगे। हमें ये दो सीटें रखने के लिए ममता की दया नहीं चाहिए।

