पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चाचा नरेंद्र ने मुखाग्नि दी। पिता बगल में खड़े होकर रोते रहे। गुरुवार सुबह 11 बजे जब घर से ड्योढ़ी घाट के लिए शव यात्रा निकली तो पत्नी ऐशन्या चीख पड़ीं। पत्नी ने दो दिन से अपने पति की शर्ट पहन रखी थी। उन्होंने वह शर्ट उतारी, उसे सीने से लगाया, फिर फूट-फूटकर रोने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।
इससे पहले, सीएम योगी ने शुभम को श्रद्धांजलि दी और घरवालों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान शुभम की पत्नी ने मुख्यमंत्री से कहा- आतंकियों ने मेरे सामने ही मेरे पति को गोली मारी। योगी जी, हमें कड़ा बदला चाहिए। आप इसका बदला लो। यह कहते हुए वह रोने लगीं।
एकटक पति की तस्वीर देखती रहीं पत्नी ऐशन्या
सुबह जब पार्थिव शरीर घर लाया गया, तो बगल में शुभम की तस्वीर रखी गई। इस दौरान पत्नी ऐशन्या पति की फोटो को एकटक देखती रहीं। वह बार-बार तस्वीर पर हाथ फेरती रहीं। वह कहती रहीं- मुझे गोली क्यों नहीं मारी। अब मैं किसके लिए जिंदा रहूं। मां शव के बगल में बैठी थीं। वह बीच-बीच में चीख पड़ती थीं। कहती थीं कि आतंकियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, तड़पा-तड़पा कर उन्हें मारा जाए।
हजारों लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए
शुभम की अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। लोगों के अंदर पाकिस्तान के प्रति गुस्सा था। उन्होंने ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। कहा- पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। भारत को एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक करनी चाहिए।
पत्नी ने सुनाई आतंकी हमले की आंखोंदेखी
पत्नी ऐशन्या ने रोते हुए आतंकी हमले की आंखोंदेखी सुनाई। उन्होंने कहा- मैं और शुभम मैगी खाने जा रहे थे। इसी दौरान एक आदमी पीछे से आया। उसने बंदूक साइड में रखकर शुभम से पूछा-हिंदू हो या मुसलमान? फिर कहा- अगर मुसलमान हो तो पहले कलमा पढ़कर दिखाओ।
मैंने हंसते हुए उससे पूछा- क्या हुआ भइया?’ तब उसने मुझसे भी पूछा- हिंदू हो या मुसलमान? मैंने कहा- हिंदू हूं। इसके बाद उसने मेरे पति को गोली मार दी। पहले शुभम को मारा, फिर बाकी लोगों को भी गोली मार दी।
पिता बोले- दो टके के आतंकवादी चुनौती देकर चले गए
पिता संजय द्विवेदी ने कहा- दो टके के आतंकवादी भारत सरकार को चुनौती देकर चले गए। सरकार को अब सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। आतंकवादी बहू से बोले- तुम्हें इसलिए जिंदा रखा ताकि मोदी को बता सको।


