दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने AAP ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचला। केजरीवाल भी जल्द बाहर आएंगे। भगवान के घर में देर है, अंधेर नहीं है।
सिसोदिया को दिल्ली शराब नीति केस को लेकर 26 फरवरी 2023 को CBI ने और 9 मार्च 2023 को ED ने गिरफ्तार किया था। 17 महीने बाद शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दोनों मामलों में जमानत दी थी। वे शुक्रवार शाम करीब 6 बजे तिहाड़ से बाहर आए।
शुक्रवार रात को सिसोदिया अपने घर पहुंचने से पहले केजरीवाल के घर पहुंचे। यहां उन्होंने केजरीवाल के परिवार से मुलाकात की। शनिवार सुबह उन्होंने X पर पत्नी के साथ चाय पीते हुए तस्वीर शेयर की। इसके बाद करीब 9 बजे वे कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर पहुंचे।
मंदिर में दर्शन के बाद सिसोदिया ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ AAP सरकार के मंत्री भी थे। करीब 11 बजे सिसोदिया ने AAP ऑफिस पहुंचे। उन्होंने नेताओं से मुलाकात करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
. भाजपा को डोनेशन नहीं देने पर बिजनेसमैन को झूठे केस में फंसाया
कई बिजनेसमैन को सिर्फ इसलिए जेल में रखा गया है, क्योंकि उन्होंने भाजपा को डोनेशन नहीं दिया था। जब मैं जेल में था तब मुझे यह जानकर बहुत दुख हुआ था कि इन बिजनेसमैन पर झूठे केस लगाए गए हैं। दुनियाभर में आतंकवादियों और ड्रग माफियाओं पर जो कानून लगाए जाते हैं, वो कानून नेताओं, व्यापारियों और आम आदमियों पर लगाए जा रहे हैं।
- विनेश के साथ गलत हुआ, सबको पता है कि किसने किया
हमारे देश की बेटी विनेश ने दुनियाभर में हमारा मान बढ़ाया। वह जंतर-मंतर पर खड़े होकर कहती है कि BJP के सांसद ने हमें छेड़ा है तो केंद्र सरकार उस सांसद को गिरफ़्तार तक नहीं करती। इसके उलट सोशल मीडिया पर उस बेटी को ट्रोल किया जाता है। यह तानाशाही नहीं है तो और क्या है? उस बेटी के साथ बहुत गलत हुआ है। सबको पता है कि यह किसने किया है। - बाबा साहेब को पता था, देश में तानाशाही बढ़ेगी
बाबा साहेब ने 75 साल पहले ही अंदाजा लगा लिया था कि देश में तानाशाही बढ़ जाएगी। तानाशाह सरकार जब एजेंसियों का दुरुपयोग करेगी तो हमें कौन बचाएगा? बाबा साहेब ने लिखा था कि संविधान बचाएगा। मैं उन वकीलों का भी शुक्रगुजार हूं जो यह लड़ाई लड़ रहे थे। मेरे लिए अभिषेक मनु सिंघवी भगवान स्वरूप हैं। - भाजपा को लगा की हम जेल में सड़ जाएंगे
जनता की आंसुओं ने ही मुझे ताकत दी है। मुझे उम्मीद थी कि 7-8 महीने में न्याय मिल जाएगा, लेकिन कोई बात नहीं 17 महीने लग गए। भाजपा ने बहुत कोशिशें की। उन्होंने सोचा अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जेल में डालेंगे तो हम सड़ जाएंगे। लेकिन जनता के आंसुओं की ताकत से जेल के ताले पिघल गए हैं। - केजरीवाल ईमानदारी का प्रतीक हैं
अरविंद केजरीवाल का नाम आज पूरे देश में ईमानदारी का प्रतीक बन गया है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद एक राज्य में एक उदाहरण नहीं दे पाई। इसी छवि को बिगाड़ने के लिए ये सारे षडयंत्र रचे जा रहे हैं। जनता के दिलों के दरवाजे खुले हुए हैं। आप जेल के दरवाजे बंद कर सकते हैं लेकिन जनता के दिलों के दरवाजे बंद नहीं कर सकते हैं।
जमानत देते हुए कोर्ट ने कहा था- जेल अपवाद है, जमानत नियम है
सुप्रीम कोर्ट ने 9 अगस्त को सिसोदिया को जमानत देते हुए कहा, ‘बार-बार देखा गया है कि किसी अपराध के लिए दोषी ठहराए जाने से पहले लंबे समय तक की जेल को मुकदमे के बिना सजा बनने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। अदालते समझें कि जेल एक अपवाद है और जमानत नियम है। सिसोदिया के मामले में केस जल्दी खत्म होने की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है।

