तमिलनाडु में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सहयोगी दल DMK के साथ सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है। यह कमेटी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर बनाई गई है और गठबंधन की रूपरेखा पर दोनों दलों के बीच बातचीत का नेतृत्व करेगी।
तमिलनाडु–पुडुचेरी के कांग्रेस इंचार्ज गिरीश चोडनकर को कमेटी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा TNCC अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई, कांग्रेस विधायक दल के नेता एस. राजेश कुमार सहित अन्य दो सदस्य भी कमेटी में शामिल हैं। TNCC ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
पिछले कुछ हफ्तों में चर्चा थी कि कांग्रेस 2026 के चुनाव में एक्टर विजय की नई पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी मौजूदा गठबंधन यानी DMK-कांग्रेस गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेगी। कमेटी का गठन इंडिया ब्लॉक की एकता को और मजबूत करेगा।
तमिल मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक TVK ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर एक सर्वे कराया था और उसमें अच्छे नतीजे मिले थे लेकिन कांग्रेस का रुख ठंडा ही रहा। इन रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने TVK के साथ जाने के विकल्प पर सोचा तक नहीं था। इसके थोड़े समय बाद ही TVK के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी सीटीआर. निर्मल कुमार ने भी इन अटकलों को खारिज कर दिया था।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर कहते हैं कि अगर कांग्रेस अपनी असली ताकत के आधार पर किसी भी गठबंधन में सीटों में हिस्सा चाह रही है, तो यह पूरी तरह गलत नहीं है। उनका कहना है कि पार्टी की केंद्रीय लीडरशिप को वक्त पर और सही फैसले लेने चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित रहे कि तमिलनाडु में सेक्युलर सरकार चलती रहे। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बीच रिश्ते 2016 से ही अच्छे रहे हैं।
तमिलनाडु में कुल 234 विधानसभा सीटें है। 2021 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और DMK ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 18 पर जीत हासिल की थी। वहीं DMK ने 159 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ 10 साल बाद DMK की सत्ता में वापसी हुई थी और एमके स्टालिन पहली बार मुख्यमंत्री बने थे।
वहीं, पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस-DMK गठबंधन ने तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें से कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं।

