PM नरेंद्र मोदी बुधवार को केरलम (केरल) दौरे पर हैं। उन्होंने एर्नाकुलम के कोच्चि में ₹10,800 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद NDA की एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान लोकसभा सांसद राहुल गांधी की आलोचना की।
प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस के युवराज को यह नहीं पता कि भारत के युवा आज ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग में कमाल कर रहे हैं। उन्हें यह भी नहीं पता कि केरल के युवाओं ने ड्रोन विकसित करने के लिए स्टार्टअप शुरू किए हैं। जो व्यक्ति अपने छोटे दायरे में सिमटा हो, उसे देश का विकास कभी नहीं दिखेगा।
PM ने कहा- खाड़ी और पश्चिम एशिया में जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर लोगों का चिंतित होना स्वाभाविक है, लेकिन आज देश में BJP की सरकार है। जब भी हमारा कोई देशवासी मुसीबत में फंसा है, हमने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है।
मोदी ने कहा- चाहे इराक से नर्सों को निकालना हो या यमन में आतंकवादियों के चंगुल से फादर टॉम को छुड़ाना हो, संकट के समय भारत अपने नागरिकों को कभी नहीं छोड़ता। आज भी हमारी कोशिश यही है कि युद्धग्रस्त देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित निकाला जाए।
खाड़ी में जारी युद्ध ने हमें एक बार फिर आत्मनिर्भरता के महत्व का सबक सिखाया है। हमने देखा है कि कोविड संकट, यूक्रेन संकट और मौजूदा संकट के दौरान आत्मनिर्भर होना कितना जरूरी है। कांग्रेस जानबूझकर भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है ताकि हालात और बिगड़ें। ताकि हमारे लोग उसी संकट में फंसे रहें और फिर ये लोग मोदी को गाली देने वाले रील बनाकर अभियान चला सकें।
केरलम के पास नेचर, कल्चर, टैलेंट, टेक्नोलॉजी और विशाल सागर का आशीर्वाद है। इसके बावजूद राज्य का विकास उस गति से नहीं हुआ जैसा होना चाहिए था। LDF और UDF की सरकार ने विकास के लिए मेहनत नहीं की। सबरीमाला मंदिर मामले में LDF और UDF की पार्टनरशिप देश लीजिए। LDF वालों पर सोना लूटने का आरोप है, जबकि UDF वालों पर चोरी का सोना बेचने का आरोप है।
इस बार यहां BJP-NDA सरकार बनाइए। आपने कांग्रेस और लेफ्ट को 70 साल से ज्यादा दिए हैं। अब BJP-NDA को अगले 5 साल सेवा करने का मौका दीजिए। आपको विकसित केरलम की शानदार झलक देखने मिलेगी। ये मोदी की गारंटी है। जो अब तक नहीं बदला, अब बदलेगा।
विकसित केरलम के लिए सबसे बड़ी जरूरत टूरिज्म, टैलेंट और टेक्नोलोजी को नए अवसर देना है। कांग्रेस को केरल के युवाओं के सामर्थ्य पर भरोसा ही नहीं है। कांग्रेस के युवराज को ये भी नहीं पता कि भारत के युवा आज ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग में कितन कमाल कर रहे हैं।
एक तरफ BJP-NDA देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और वामपंथी दल आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाने में लगे हैं। इन्होंने देश को विदेशी देशों पर और भी ज्यादा निर्भर बना दिया है। आज ये सब मिलकर अफवाहें फैलाने में लगे हैं। यहां तक कि युद्धकाल में भी कांग्रेस, वामपंथी दल और उनके सहयोगी संगठन अपनी सारी ऊर्जा देश में दहशत फैलाने और संघर्ष पैदा करने में लगा रहे हैं।


