राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज दोपहर राजस्थान में प्रवेश कर गई। यात्रा ने रतलाम (मध्य प्रदेश) के सैलाना से बांसवाड़ा के दानपुर में एंट्री ली। राहुल राजस्थान के बॉर्डर तक खुली जीप में पहुंचे। यहां से वे जीप में ही बांसवाड़ा शहर आए।
यहां करीब 20 मिनट तक रोड शो के बाद गोविंद गुरु सरकारी कॉलेज के खेल मैदान में जनसभा में राहुल ने कहा- दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक युवा कुली मिला। उसने मुझे बताया- मैं सिविल इंजीनियर हूं और कुली का काम कर रहा हूं। आज मैं आपको बताना चाहता हूं कि सरकार में आने के बाद हमारा पहला काम होगा वंचित वर्ग को 30 लाख नौकरी देना। राहुल ने हर ग्रेजुएट युवा को ट्रेनिंग और हर साल एक लाख रुपए देने की बात भी कही।
इससे पहले जनसभा में हल देकर राहुल का स्वागत किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए महेंद्रजीत सिंह मालवीय पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा केवल मेवा खाने के लिए बैठी है। ये हर समय परिवारवाद-परिवारवाद करते हैं, लेकिन ये नहीं बताते इन्होंने 10 साल में क्या किया।
इससे पहले न्याय यात्रा का बांसवाड़ा शहर में तीन जगह स्वागत हुआ। राहुल की न्याय यात्रा आज शाम को गुजरात में एंट्री करेगी।

