मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बम की अफवाह फैलाने के आरोप में बेंगलुरु से एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। शख्स की पत्नी एयरपोर्ट पहुंचने में लेट हो गई थी। उसने फ्लाइट के टेक ऑफ में देरी करवाने के लिए धमकी भरा फोन करके बम की अफवाह फैलाई थी।
आरोपी की पहचान बेंगलुरु के विलास बाकड़े के रूप में की गई है। वह एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। बाकड़े की पत्नी इंटीरियर डिजाइनर हैं। मामला 24 फरवरी का, अकासा एयरलाइंस की मुंबई-बेंगलुरु फ्लाइट QP 1376 का है। घटना की जानकारी अब सामने आई है।
फर्जी कॉल के कारण पूरा प्लेन खाली करवाया गया
मुंबई पुलिस ने बताया कि 24 फरवरी को मुंबई-बेंगलुरु फ्लाइट शाम 6.40 बजे टेक ऑफ के लिए तैयार थी। इसमें 167 लोग सवार थे। फर्जी कॉल के कारण पूरा प्लेन खाली करवाया गया। मौके पर एयरपोर्ट पुलिस, क्राइम ब्रांच, एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और बम स्क्वॉड की टीम पहुंची।
पूरे विमान और पैसेंजर्स के बैग की जांच की गई। इसके बाद आधी रात को, करीब 6 घंटे की देरी से फ्लाइट बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। घटना के बाद एयरलाइन में काम करने वाले नीलेश घोंगड़े ने एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।


