पलवल( अतुल्य लोकतंत्र ): मुकेश बघेल/ मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के तहत एजेंडा में शामिल बिंदुओं की समीक्षा के संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को लघु सचिवालय के द्वितीय स्थल पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल, में विभिन्न एजेंडा बिंदु पर बैठक हुई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा ऋण के लिए प्राप्त तथा स्वीकृत किए गए आवेदन पत्रों की बैंकर्स के साथ समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक की कार्यसूची में मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के तहत और सभी बैंक शाखा प्रमुखों के साथ स्वीकृत ऋणों और ऋणों के वितरण के लिए लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व बैंकर्स को निर्देश दिए कि वे अंत्योदय मेलों के माध्यम से गरीब परिवारों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से स्वरोजगार के लिए ऋण के केसों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं तथा हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिलें।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं का लाभ अंत्योदय मेलों के माध्यम से गरीब परिवारों को दिया जा रहा है, ताकि उनकी आमदनी में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना राज्य सरकार की अहम योजनाओं में से एक है। जिसकी समीक्षा स्वयं मुख्यमंत्री समय-समय पर करते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेलों के दौरान प्राप्त लम्बित आवेदनों पर संबंधित विभाग द्वारा तुरंत प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि लाभार्थी को उसकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा सके।
इस अवसर पर बैठक में संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के तहत लाभार्थियों को लाभ प्रदान करने के संदर्भ में लंबित आवेदनों के संबंध में अब तक किए कार्य की प्रगति से अवगत करवाया। बैठक में एलडीएम विवेक, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनोज, जिला बाल कल्याणा अधिकारी सुरेखा डागर सहित संबंधित विभागों तथा सभी बैंक शाखा प्रमुखों के अधिकारी मौजूद रहे।


