
Palwal/ के०सी०एम० पब्लिक स्कूल बंचारी में बृहस्पतिवार 14 नवंबर को विद्यालय के प्रांगण में बाल दिवस का कार्यक्रम बहुत ही धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः काल की प्रार्थना सभा से हुई। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संघमित्रा ने बच्चों को अपने भाषण के द्वारा बाल दिवस मनाने का सही अर्थ समझाया और उन्हें अपने भविष्य को संवारने व अनुशासन में रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री श्री जवाहरलाल नेहरू जी भी बच्चों में देश के आने वाले भविष्य को देखा करते थे उन्हें बच्चों से बेहद प्यार था इसलिए उनके जन्म दिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। तत्पश्चात कार्यक्रम की श्रृंखला में विद्यालय में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के बच्चों को मैजिक शो दिखाया गया।
कक्षा नर्सरी से दूसरी तक के विद्यार्थियों ने नृत्य का भी आनंद लिया तथा उन्हें चित्रकारी करने के लिए चित्र में रंग भरने को दिए गए। विभिन्न खेलों में भी बच्चों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को विद्यालय में ही सिंबा एवं तारे ज़मीन पर मूवी भी दिखाई गई। छोटे-छोटे बच्चों ने फैंसी ड्रेस में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की इसी श्रृंखला में हर साल पलवल के बाल भवन में जिला बाल कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय बाल दिवस मनाने के उपलक्ष में कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई थी जिसमें के०सी०एम० पब्लिक स्कूल बंचारी की कक्षा दसवीं की दो छात्राएं कीर्ति और इशिता ने ग्रुप 3 और 4 में एकल गायन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया जिसमें इशिता ने प्रथम और कीर्ति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय परिसर में भी इन दोनों छात्राओं को सम्मानित किया गया और इन दोनों छात्राओं के माध्यम से कई बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने की प्रेरणा मिली।
स्कूल प्रबंधक , देवदत्त भारद्वाज व श्री राम नारायण भारद्वाज जी द्वारा बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में टाफी व मिठाई वितरण से किया गया।
इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन सविता वर्मा द्वारा किया गया।


