फरीदाबाद, 27 जनवरी। हथीन उपमंडल की अनाज मंडी में गुरुवार को 75वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विधायक राजेश नागर ने समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और पुलिस की टुकडी की सलामी ली।
विधायक राजेश नागर ने कहा कि सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। उन्होंने उपमंडलवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
विधायक राजेश नागर ने कहा कि गणतंत्र दिवस के साथ हमारे देशभक्तों के त्याग और बलिदान की एक लंबी गौरवगाथा जुड़ी हुई है। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और उधम सिंह जैसे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने लम्बा संघर्ष किया।
उन्होंने इस मौके पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों के साथ-साथ उन जांबाज जवानों को भी सलाम किया, जिन्होंने आजादी के बाद देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। आजादी की लड़ाई में हरियाणा प्रदेश का भी अहम योगदान रहा है।
आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। यही कारण है कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है।
आज जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो हमें इस बात का विचार करने की आवश्यकता है कि आजादी के बाद हमने अपने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान-निर्माताओं के सपनों का भारत बनाने की दिशा में कहां तक सफलता हासिल की है।
हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के कठोर संघर्ष से हमें आजादी मिली तो वहीं दिन-रात मुस्तैदी से देश की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के कारण हमारी यह आजादी सुरक्षित है। आज पूरा देश उनका ऋणी है। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सरकार ने युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए की गई है।

