फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला परिसर के गेट नंबर-2 के पास मंगलवार दोपहर एक स्टॉल के लिए बनाए गए अस्थायी हट में अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब मजदूर स्टॉल और अन्य सामान को हटाने का कार्य कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक हट पर लगी वेल्डिंग पाइप को मजदूर कटर मशीन से काट रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी हट की छत पर रखे सूखे भूसे और लकड़ी पर जा गिरी। सूखा भूसा होने के कारण आग ने तुरंत पकड़ ली और कुछ ही पलों में लपटें ऊपर तक फैल गईं। आग लगते ही मौके पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। उस समय वहां केवल मजदूर ही मौजूद थे, जो स्टॉल हटाने का काम कर रहे थे।
मेला परिसर में पहले से तैनात दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। यह हट अमृता हॉस्पिटल द्वारा मेले के दौरान लगाया गया था, जहां मजदूर काम कर रहे थे। उसमे आग लग गई। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि घटना दोपहर की है। आग कटर मशीन से निकली चिंगारी के कारण लगी थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की सतर्कता और तत्परता के चलते स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।


