फरीदाबाद, 13 दिसम्बर। डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि 22 व 23 दिसंबर को कनेडा, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित विश्व स्तरीय गीता जयंती महोत्सव की तर्ज पर जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के बेहतर क्रियान्वयन किया जाएगा। डीसी दो दिवसीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों संग बैठक कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे बड़े धार्मिक ग्रंथ गीता का संदेश हरियाणा की मिट्टी से ही जुङा हुआ है क्योंकि यह ग्रंथ हरियाणा से ही निकला है। ऐसे में जिला का प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में गीता के संदेश को धारण करें और नई पीढ़ी तक हम इन विचारों को पहुंचाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि दो दिन के इस महोत्सव के दौरान विभाग, सामाजिक व धार्मिक संगठन अपनी-अपनी भागीदारी बेहतरीन प्रदर्शन के लिए करेंगे। उन्होंने कहा कि गीता जयंती महोत्सव का 22 दिसम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दो दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। जहां लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा गीता जयंती महोत्सव में अपनी-अपनी बेहतर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी।
वहीं दूसरे दिन श्रीमद्भगवद्गीता पर सेमिनार के आयोजन के दौरान वक्ता गीता पर अपने-अपने विचार रखेंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन औद्योगिक नगरी में दोपहर को शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा सेक्टर -17 से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर सेक्टर-12 पहुंचेगी। इसके साथ सांस्कृतिक संध्या के समापन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।


