फरीदाबाद, 11 जून। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राज ने कहा कि जब हम मन में अच्छा सोचते हैं और उसे आचरण में लाते हैं, इसी प्रक्रिया से हमारे भीतर अच्छे गुण विकसित हो जाते हैं। हमें हमेशा अच्छा सोचना चाहिए। चुनौतियों से कभी नहीं घबराना चाहिए। जीवन में सफल व्यक्तियों के सामने शुरुआती दौर में हमेशा कठिनाई आती है। कुलपति डॉ. राज नेहरू बी.वॉक. एम.एल. टी के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के विदाई समारोह में मुख्यातिथि के रूप में बोल रहे थे। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में खूब समां बांधा। कुलदीप तंवर मिस्टर फेयरवेल और तनूजा शर्मा को मिस फेयरवेल चुना गया।
कुलपति डॉ. राज नेहरू ने विद्यार्थियों के सुखद भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आप का शुरुआती दौर आपके रवैये पर निर्भर करता है। प्रारंभ हमेशा चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन चुनौतियों के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। हमेशा हमें कठिनाइयों के लिए मानसिक तौर पर तैयार रहना चाहिए।

