फरीदाबाद, 27 अगस्त (ब्यूरो): दिल्ली पब्लिक स्कूल ग्रेटर फरीदाबाद ने हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में अपने परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस को गर्व और उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर स्कूल की प्रिंसीपल सुरजीत खन्ना ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का एकमात्र कारण खेल भावना को बढ़ावा देना और विभिन्न खेलों के संदेश का प्रचार करना है। इस मौके पर स्कूल के खिलाडिय़ों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर गायत्री मंत्र से की गई। इसके बाद आध्यात्मिक दुनिया में गहराई से जाने और अपने बारे में बेहतर जानने के लिए टिया प्रकाश ने सूर्य नमस्कार के बारह आसन किए। इसके बाद झलक, युक्ति, कनिष्क, कावेरी, मयूख और तरनजीत ने कुछ आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया। नंदिनी और हर्षिल ने अपने आकर्षक टॉक शो के माध्यम से मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डीपीएस ग्रेफा की प्रिंसीपल श्रीमती सुरजीत खन्ना ने विभिन्न खेलों से होने वाले लाभ के बारे में बताया और कहा कि खेलों को हमेशा खेल भावना से खेेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल हमें न केवल सेहतमंद रखते हैं बल्कि भाईचारे की भावना भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छात्र अपने अंदर की ऊर्जा का पुन: उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने इस मौके पर ओलंपिक में हरियाणा के खिलाडिय़ों के प्रदर्शन पर भी प्रकाश डाला और कहा कि विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर भी प्रकाश डालते हुए छात्रों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक ममता गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। तत्पश्चात खेल समन्वयक शरद पंवार द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया गया।