पलवल ( अतुल्य लोकतंत्र ): मुकेश बघेल/ एडीसी हितेश कुमार ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के तहत कल्याणकारी योजनाओं के पारदर्शी क्रियांवयन के लिए 16 से 18 दिसंबर तक आयोजित हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम परिवार पहचान पत्र डाटा सत्यापन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार व शनिवार को जिला भर में विशेष शिविर आयोजित किए गए। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दोनो दिन जिला प्रशासन सुचारू ढंग से शिविर आयोजित करने के लिए दिन भर सजग रहा।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियो द्वारा शिविरों की रियल टाइम मॉनीटरिंग भी की गई। कैंप में आने वाली समस्याओं की जानकारी मिलने पर जिला स्तर से तुरंत समाधान भी किया गया।
एडीसी हितेश कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा आमजन की परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का समाधान व डाटा डाटा सत्यापित करने के लिए विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला में शुक्रवार व शनिवार को लगाए गए शिविरों में परिवार पहचान पत्र में डाटा से संबंधित विभिन्न कार्य किए गए।
कैंप में सभी अपडेटेड परिवारों को हस्ताक्षरित परिवारों में बदलना, एफआईडीआर में मौजूद नहीं व गलत तरीके से मैप किए गए नागरिकों/परिवारों के डेटा को कैप्चर करना, सत्यापित की स्थिति वाले सभी नागरिकों के लिए दिव्यांग प्रमाणपत्र अपलोड करना, पीपीपी डेटा का सुधार (आय को छोडक़र), हरियाणा में रहने वाले परिवारों का पंजीकरण जो एफआईडीआर में नहीं हैं, एफआईडीआर में नॉट ट्रेसेबल के रूप में चिह्नित परिवारों का सत्यापन करना आदि कार्य किए गए।
रविवार को भी होगा डाटा सत्यापन का कार्य*
उन्होंने बताया कि रविवार 18 दिसंबर को भी जिला में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगें। कैंप में लोग जिनकी आयु 55 साल से अधिक है उनके जन्म प्रमाण पत्र की वैरिफिकेशन होगी जिसके तहत जन्म प्रमाण पत्र, एसएलसी, मैट्रिक सर्टिफिकेट अथवा 2017 से पहले का वोटिंग कार्ड लाना अनिवार्य है।
अतिरिक्त उपायुक्त हितेश कुमार ने आमजन से आह्वान किया है कि वे डाटा सत्यापित करवाने व दस्तावेंजों में सुधार के लिए जिला में लगने वाले निशुल्क विशेष शिविरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाए।


