फरीदाबाद, 20 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है।
नए वैज्ञानिक शोध नवाचार को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार फरीदाबाद या गुरुग्राम जिला में से एक में 50 एकड़ में साइंस सिटी की स्थापना करेगी। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल शनिवार को थिस्टी बायोटेक संस्थान में 9 वें भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा आज इस 9वें विज्ञान महोत्सव की मेजबानी करने का अवसर हरियाणा को मिला है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि विज्ञान महोत्सव में छात्र, शिक्षक, शोधकर्ता, वैज्ञानिक, उद्यमी, शिक्षाविद, स्टार्टअप तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भागीदारी की है।
ये सभी भागीदार बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह विज्ञान महोत्सव विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को उजागर करने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच ज्ञान के अदान-प्रदान व चिंतन-मनन के लिए एक मंच उपलब्ध करवाता है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विज्ञान के प्रति समर्पण को जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि जय-जवान, जय-किसान, जय-विज्ञान और जय-अनुसंधान का मंत्र देकर भारत को आगे बढ़ने के लिए नई दिशा प्रदान की है। भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव देश का सबसे बड़ा विज्ञान महोत्सव है।

